पीएम मोदी ने दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे का किया शुभारंभ, अब 6 घंटे का सफर सिर्फ 2.5 घंटे में

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर (एक्सप्रेसवे) का भव्य उद्घाटन करते हुए इसे राष्ट्र को समर्पित किया। लगभग ₹12,000 करोड़ की लागत से निर्मित यह 213 किलोमीटर लंबा छह-लेन एक्सप्रेसवे दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को तेज़ और सुगम कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। इस परियोजना के पूर्ण होने से दिल्ली से देहरादून की यात्रा, जो पहले करीब 6 घंटे में पूरी होती थी, अब मात्र 2.5 घंटे में संभव हो सकेगी।
इस एक्सप्रेसवे की सबसे बड़ी खासियत 12 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर है, जिसे एशिया के सबसे लंबे वन्यजीव कॉरिडोरों में गिना जा रहा है। वन्यजीवों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इसमें 8 सामान्य अंडरपास और 2 विशेष एलीफेंट अंडरपास बनाए गए हैं, जिससे जानवरों का आवागमन बाधित न हो। इसके अलावा 340 मीटर लंबी डाटकाली टनल, 113 अंडरपास, पांच रेलवे ओवरब्रिज और 76 किलोमीटर लंबी सर्विस रोड इस परियोजना को और भी आधुनिक बनाते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि यह इकोनॉमिक कॉरिडोर केवल सड़क परियोजना नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास और समृद्धि की नई राह है। उन्होंने कहा कि इससे व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, किसानों की उपज तेजी से बड़े बाजारों तक पहुंचेगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही, पेट्रोल-डीजल की खपत में कमी आएगी, जिससे आम जनता को आर्थिक राहत मिलेगी।
पर्यटन के दृष्टिकोण से इस परियोजना को बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अब विंटर टूरिज्म, विंटर स्पोर्ट्स और ‘वेडिंग इन इंडिया’ के लिए एक आकर्षक गंतव्य बन रहा है। उन्होंने शीतकालीन चारधाम यात्रा और आदि कैलास–ओम पर्वत यात्रा में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे स्थानीय लोगों की आजीविका को मजबूती मिल रही है।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह ने प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए उनके नेतृत्व और दूरदर्शी सोच की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह परियोजना देवभूमि उत्तराखंड के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।
प्रधानमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर देते हुए यात्रियों से अपील की कि वे देवभूमि की स्वच्छता बनाए रखें और प्लास्टिक का उपयोग न करें। उन्होंने आगामी हरिद्वार कुंभ और नंदा राजजात यात्रा को भव्य और स्वच्छ बनाने का आह्वान भी किया।
दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के साथ ही क्षेत्र में औद्योगिक विकास, बेहतर कनेक्टिविटी और पर्यटन के नए आयाम स्थापित होने की उम्मीद जताई जा रही है।
भाजपा जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह ने दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के उद्घाटन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे से क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी, उद्योगों को बढ़ावा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। किसानों की उपज अब तेजी से बड़े बाजारों तक पहुंचेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच की सराहना करते हुए कहा कि देश उनके नेतृत्व में लगातार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।






