अंबेडकर जयंती पर पहुँचे आज़ाद अली ने भाजपा व पीएम मोदी पर साधा निशाना

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
(कलियर/ज्वालापुर)। संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर शहर से लेकर देहात तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान जगह-जगह शोभायात्राएं निकाली गईं और बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र के कोटा माछरहेड़ी गांव में भी भव्य कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहां जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आज़ाद अली मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे।

कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने आज़ाद अली का फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया। उत्साह और उल्लास से भरे इस माहौल में आज़ाद अली ने रिबन काटकर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके योगदान को याद किया।
अपने संबोधन में आज़ाद अली ने देश, प्रदेश और क्षेत्रवासियों को अंबेडकर जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बाबा साहब केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचारधारा हैं, जिन्होंने देश को समानता, न्याय और अधिकारों का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि आज हम जो भी अधिकार और सुरक्षा महसूस करते हैं, वह संविधान की देन है। अगर संविधान न होता तो देश के हालात बेहद गंभीर हो सकते थे और दलितों व पिछड़े वर्गों पर अत्याचार बढ़ सकते थे।
इस दौरान आज़ाद अली ने भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने देहरादून में प्रधानमंत्री द्वारा एलिवेटेड रोड के उद्घाटन को लेकर सवाल उठाए। उनका कहना था कि जिस दिन पूरा देश बाबा साहब की जयंती मना रहा है, उस दिन इस तरह के उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को इस दिन अंबेडकर जयंती के कार्यक्रमों में शामिल होकर उनके विचारों को आगे बढ़ाना चाहिए था।
आज़ाद अली ने आगे कहा कि कुछ लोग संविधान को बदलने या खत्म करने की बात करते हैं, जो देश के लिए खतरनाक संकेत है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि संविधान सर्वोपरि है और इसे बचाने के लिए यदि संघर्ष करना पड़े तो जन अधिकार पार्टी पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने जनता से एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि आने वाले समय में जनता ऐसे मुद्दों का जवाब चुनाव के माध्यम से जरूर देगी।
इसके साथ ही उन्होंने पार्टी की भविष्य की रणनीति का भी खुलासा किया। उन्होंने कहा कि जन अधिकार पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ रहा है और लोग बड़ी संख्या में पार्टी की विचारधारा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी अपने प्रत्याशी उतारेगी और मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।
प्रदेश सचिव कुर्बान अली ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचार आज भी समाज को दिशा दे रहे हैं। हमें उनके बताए रास्ते पर चलकर समानता और न्याय की स्थापना करनी होगी। उन्होंने लोगों से एकजुट होकर संविधान की रक्षा का संकल्प लेने की अपील की।
प्रदेश उपाध्यक्ष हसरत ठेकेदार ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने समाज को बराबरी और अधिकारों की ताकत दी। उनके सिद्धांत आज भी प्रासंगिक हैं। हमें उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में एकता और न्याय स्थापित करना चाहिए तथा संविधान की रक्षा के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए।
पूर्व विधायक प्रत्याशी ज्वालापुर ज्योति राम ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचार आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक हैं। हमें उनके बताए संविधान और समानता के सिद्धांतों पर चलना चाहिए। उन्होंने लोगों से एकजुट होकर सामाजिक न्याय और अधिकारों की रक्षा करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे, जिन्होंने बाबा साहब को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।इस अवसर पर प्रदेश सचिव कुर्बान अली,प्रदेश उपाध्यक्ष हसरत ठेकेदार,युवा ज़िलाध्यक्ष सालिम शाह,मो. आज़म युवा महासचिव,
विशाल गौतम,रजनीश गौतम,सूरज गौतम,विकास गौतम, प्रियांशु गौतम अंकुश गौतम ,मनीष गौतम आदि मौजूद रहे।







