विश्व हिंदू महासंघ के स्थापना दिवस पर रुड़की में भव्य गंगा पूजन और आरती का आयोजन,उमड़ा जनसैलाब

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की। विश्व हिंदू महासंघ/महासभा उत्तराखंड के स्थापना दिवस के अवसर पर रुड़की के गंगा घाट पर भव्य गंगा पूजन, आरती एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। इस धार्मिक आयोजन में सैकड़ों श्रद्धालुओं, कार्यकर्ताओं और सनातन प्रेमियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन संगठन की हरिद्वार टीम की ओर से किया गया, जिसमें पूरे घाट पर भक्ति और आध्यात्मिक माहौल देखने को मिला।

गंगा आरती के दौरान मंत्रोच्चारण, भक्ति संगीत और दीपों की रोशनी ने वातावरण को दिव्यता से भर दिया। श्रद्धालुओं ने मां गंगा की आरती में शामिल होकर देश, समाज और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मेयर प्रत्याशी पूजा गुप्ता और प्रदेश महामंत्री सचिन गुप्ता पहुंचे, जिनका आयोजकों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। दोनों अतिथियों ने गंगा आरती में भाग लेते हुए समाज में एकता, संस्कृति संरक्षण और सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया।
इस अवसर पर संतों और महात्माओं का पटका पहनाकर सम्मान किया गया। संत समाज ने अपने संबोधन में कहा कि सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति की रक्षा के लिए समाज का संगठित होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से अपनी परंपराओं और नैतिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।
प्रदेश महामंत्री सचिन गुप्ता ने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने का एक प्रयास है। वहीं पूजा गुप्ता ने कहा कि गंगा आरती हमारी आस्था और संस्कृति की पहचान है और इसे आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम की अध्यक्षता महामंडलेश्वर एवं परमार्थ आश्रम हरिद्वार के संत राममुनि महाराज ने की। आचार्य राजकुमार कौशिक ने ब्राह्मणों के साथ वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधिवत पूजन संपन्न कराया। कार्यक्रम में डॉ. मधु सिंह, चेरब जैन, सौरभ भूषण सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, संतों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।








