संयुक्त मजिस्ट्रेट ने दीपाली गैस एजेंसी का किया औचक निरीक्षण, कालाबाजारी और अतिरिक्त वसूली पर सख्त कार्रवाई की चेतावनीL

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की। आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता को सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र शेट ने ईदगाह  स्थित दीपाली गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गैस सिलेंडरों के स्टॉक, वितरण प्रणाली, बुकिंग व्यवस्था और उपभोक्ताओं को दी जा रही आपूर्ति की स्थिति का गहनता से निरीक्षण किया।
संयुक्त मजिस्ट्रेट के औचक निरीक्षण से गैस एजेंसी पर कुछ समय के लिए हलचल का माहौल बन गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एजेंसी के रजिस्टर, स्टॉक रिकॉर्ड तथा उपभोक्ताओं की बुकिंग से संबंधित अभिलेखों की जांच की। उन्होंने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि एजेंसी द्वारा सभी उपभोक्ताओं को निर्धारित नियमों के अनुसार गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं और किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही न बरती जाए।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट ने एजेंसी संचालक को स्पष्ट निर्देश दिए कि घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी या कृत्रिम कमी उत्पन्न करने का प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि इस प्रकार की कोई शिकायत सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जाए ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही एजेंसी को यह भी निर्देशित किया गया कि सभी उपभोक्ताओं को निर्धारित सरकारी दरों पर ही सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं और किसी भी प्रकार की अतिरिक्त वसूली न की जाए।
संयुक्त मजिस्ट्रेट ने गैस एजेंसी परिसर में सुरक्षा मानकों और भंडारण व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सिलेंडरों के सुरक्षित भंडारण, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और सुरक्षा संबंधी अन्य व्यवस्थाओं की भी जांच की। इस दौरान उन्होंने एजेंसी संचालक को सुरक्षा मानकों का पूर्ण रूप से पालन करने के निर्देश दिए ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को रोका जा सके।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट ने कहा कि प्रशासन आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता को लेकर पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने कहा कि जनता की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर इस प्रकार के औचक निरीक्षण किए जाते रहेंगे ताकि व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे और उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी उपभोक्ता को गैस आपूर्ति से संबंधित कोई शिकायत है तो वह प्रशासन को अवगत करा सकता है। शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य आम जनता को आवश्यक सेवाएं सुचारु रूप से उपलब्ध कराना है और इसके लिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!