झबरेड़ा में विकास को नई रफ्तार, स्वच्छता अभियान से बदलेगी कस्बे की तस्वीर

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
झबरेड़ा। नगर पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी के नेतृत्व में झबरेड़ा कस्बा इन दिनों विकास की नई इबारत लिख रहा है। क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को लेकर नगर पंचायत पूरी सक्रियता के साथ कार्य कर रही है। अध्यक्ष का स्पष्ट कहना है कि उनकी प्राथमिकता झबरेड़ा को मूलभूत सुविधाओं से सुसज्जित, स्वच्छ और व्यवस्थित कस्बे के रूप में स्थापित करना है। इसी संकल्प के साथ विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है, जिसका लाभ सीधे तौर पर आमजन को मिल रहा है।हाल के दिनों में नगर पंचायत द्वारा सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं। कस्बे की कई सड़कों की मरम्मत और सुधार कार्य पूरे किए गए हैं, जिससे आवागमन सुगम हुआ है। पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पाइपलाइन की मरम्मत और सफाई कराई गई है। साथ ही स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था को बेहतर बनाते हुए अंधेरे इलाकों को रोशन किया गया है, जिससे सुरक्षा की दृष्टि से भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है।
आपातकालीन सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कस्बे में एम्बुलेंस सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इस पहल से विशेष रूप से बुजुर्गों और गंभीर मरीजों को समय पर चिकित्सा सहायता मिल रही है। स्थानीय नागरिकों ने इस निर्णय की सराहना करते हुए इसे जनहित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया है।इसी क्रम में नगर पंचायत ने स्वच्छता को लेकर एक व्यापक अभियान शुरू किया है। कस्बे को गंदगी मुक्त बनाने के लक्ष्य के साथ घर-घर डस्टबिन वितरण कार्यक्रम चलाया गया। कर्मचारियों के माध्यम से प्रत्येक घर तक डस्टबिन पहुंचाए गए हैं, ताकि लोग कूड़ा सड़क या खाली स्थानों पर न फेंकें। नगर पंचायत के वाहन नियमित रूप से घरों से कूड़ा एकत्र कर उसके उचित निस्तारण की व्यवस्था कर रहे हैं। अध्यक्ष किरण चौधरी ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग दें और कूड़ा केवल डस्टबिन में ही डालें। उनका कहना है कि स्वच्छता केवल नगर पंचायत की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। यदि सभी लोग जागरूक होकर सहयोग करें, तो झबरेड़ा को स्वच्छ और सुंदर बनाने का सपना जल्द ही साकार हो सकता है इस अभियान का उद्देश्य न केवल कूड़े के सही प्रबंधन को सुनिश्चित करना है, बल्कि लोगों में जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना भी विकसित करना है। खुले में कूड़ा फेंकने की प्रवृत्ति पर रोक लगेगी, जिससे मच्छरों और गंदगी से फैलने वाली बीमारियों में कमी आएगी। स्वच्छ वातावरण से स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
नगर पंचायत की इन पहलों को झबरेड़ा के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विकास कार्यों की रफ्तार और स्वच्छता अभियान की सफलता से यह कस्बा आने वाले समय में एक आदर्श नगर के रूप में पहचान बना सकता है। यदि जनसहयोग इसी प्रकार मिलता रहा, तो झबरेड़ा निश्चित रूप से स्वच्छता और विकास का मॉडल बनकर उभरेगा।






