आईआईटी रुड़की के छात्र आशीष शुक्ला का शव 6 दिन बाद गंगनहर से बरामद, मोहम्मदपुर झाल पर मिला शव पोस्टमार्टम के लिये भेजा

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की। छह दिन से गंग नहर में डूबकर लापता चल रहे Indian Institute of Technology Roorkee (आईआईटी रुड़की) के छात्र आशीष शुक्ला का शव मंगलवार सुबह मोहम्मदपुर झाल से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई और मातम का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, आशीष शुक्ला छह दिन पूर्व रुड़की स्थित नगर निगम के पास गंगनहर के तेज बहाव में बह गए थे। उस समय उनके साथ मौजूद अन्य छात्रों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज़ बहाव के चलते कोई सफलता नही मिली । घटना के तुरंत बाद पुलिस और प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया था।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि छात्र की तलाश के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया गया। सर्च ऑपरेशन में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आपदा नियंत्रण टीमों के साथ-साथ अन्य राज्यों से बुलाए गए विशेषज्ञ गोताखोर भी लगातार जुटे रहे। गंगनहर के अलग-अलग स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया गया और संभावित स्थानों पर जाल भी डाले गए।
लगातार छह दिनों तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद मंगलवार सुबह मोहम्मदपुर झाल क्षेत्र में छात्र का शव दिखाई देने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
घटना की खबर जैसे ही परिजनों को मिली, परिवार में कोहराम मच गया। आईआईटी रुड़की के छात्र-छात्राओं में भी शोक व्याप्त है। संस्थान प्रशासन ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर गंगनहर के तेज बहाव के खतरों को उजागर कर दिया है। स्थानीय प्रशासन समय-समय पर लोगों को नहर में न उतरने की चेतावनी देता रहा है, लेकिन इसके बावजूद ऐसी घटनाएं सामने आती रहती हैं। पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे गंगनहर के किनारे सावधानी बरतें और प्रतिबंधित क्षेत्रों में जाने से बचें।
फिलहाल पुलिस मामले की अन्य औपचारिकताओं में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, आशीष शुक्ला के असामयिक निधन से क्षेत्र में शोक है और हर कोई उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहा है।






