कलियर: मेवड़ प्रीमियर लीग फाइनल में इब्राहिमपुर की शानदार जीत, राष्ट्रीय अध्यक्ष आज़ाद अली ने किया सम्मानित, विधायक पर साधा निशाना

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
कलियर विधानसभा क्षेत्र के मेवड़ कलां गांव में आयोजित मेवड़ प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला खेल प्रेमियों के लिए यादगार साबित हुआ। रोमांच, जोश और खेल भावना से भरपूर इस मुकाबले में इब्राहिमपुर और कोटा मुरादनगर की टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। अंततः इब्राहिमपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की और ट्रॉफी अपने नाम कर ली। फाइनल मैच में इब्राहिमपुर की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए कोटा मुरादनगर की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और तेज़ी से रन बटोरे। निर्धारित ओवरों से पहले ही 13.2 ओवर में टीम ने 182 रन का मजबूत स्कोर खड़ा कर दिया, हालांकि पूरी टीम ऑल आउट हो गई। कोटा मुरादनगर के बल्लेबाजों ने चौकों-छक्कों की बारिश कर मैच को रोमांचक बना दिया।
183 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इब्राहिमपुर की टीम ने संयम और आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी की। शुरुआती झटकों के बावजूद टीम ने सधी हुई पारी खेली और रन गति बनाए रखी। मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने महत्वपूर्ण साझेदारी करते हुए मैच का रुख अपनी ओर मोड़ दिया। अंततः इब्राहिमपुर ने 14.2 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और जीत दर्ज करते हुए मेवड़ प्रीमियर लीग की ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। मैदान में मौजूद दर्शकों ने विजेता टीम का जोरदार उत्साहवर्धन किया।
समापन समारोह में जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आज़ाद अली मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके पहुंचने पर आयोजकों और क्षेत्रवासियों ने उनका भव्य स्वागत किया। आज़ाद अली ने विजेता टीम इब्राहिमपुर को 51 हजार रुपये नकद पुरस्कार और ट्रॉफी प्रदान की, जबकि उपविजेता टीम कोटा मुरादनगर को 21 हजार रुपये का नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अपने संबोधन में आज़ाद अली ने कहा कि पिरान कलियर की धरती से ईमानदारी और मेहनत करने वाले लोग आगे आएंगे। उन्होंने क्षेत्र के विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता अब समझ चुकी है कि केवल वोट लेकर गायब हो जाने वाली राजनीति ज्यादा दिन नहीं चलेगी। समाज का समर्थन बराबर लिया जाता है, लेकिन जब साथ देने की बारी आती है तो कई जनप्रतिनिधि नजर नहीं आते। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और बीजेपी ने जनता को केवल वोट बैंक समझा है, जबकि जन अधिकार पार्टी बिना भेदभाव के सभी वर्गों की आवाज उठाने का काम करेगी। उन्होंने घोषणा की कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी हरिद्वार जिले की 11 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी और मजबूती से चुनाव लड़ेगी।
फाइनल मुकाबले के दौरान मैदान में युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। भारी भीड़, तालियों की गूंज और लाइव कमेंट्री ने आयोजन को बेहद रोमांचक बना दिया। मेवड़ प्रीमियर लीग का यह सफल आयोजन क्षेत्रीय युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करने और उनकी प्रतिभा को मंच देने में अहम साबित हुआ।इस मौके पर ज़िलाध्यक्ष नदीम , युवा मोर्चा ज़िलाध्यक्ष सालिम शाह, ज़िला सचिव युवा मोर्चा मोआज़म अज़ीम,अजमत, एजाज़, ज्योतिराम जी आदि उपस्थित रहे।






