February 4, 2026

रोटरी क्लब रुड़की का सराहनीय कदम: 200 से अधिक छात्र-छात्राओं को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीनेशन

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

स्वस्थ समाज के निर्माण और भविष्य की पीढ़ी को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से रोटरी क्लब रुड़की द्वारा सर्वाइकल कैंसर एवं रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने हेतु निःशुल्क एचपीवी (HPV) वैक्सीनेशन कैंप का आयोजन किया गया। यह शिविर श्रीमती नीमा देवी काला पब्लिक स्कूल, अशोक नगर तथा एसएनडीके पब्लिक स्कूल, ढंडेरा में आयोजित हुआ, जिसमें लगभग 200 से अधिक छात्र-छात्राओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई।
इस अवसर पर रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3080 के गवर्नर रोटे रवि प्रकाश ने कहा कि स्वस्थ समाज ही रोटरी का मूल उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार रोटरी ने पूरी दुनिया को पोलियो मुक्त करने का संकल्प लेकर उसे साकार किया, उसी तरह आज बढ़ती भागदौड़ भरी जिंदगी, अनियमित खानपान और बदलती जीवनशैली के कारण फैल रही बीमारियों से बचाव के लिए रोटरी लगातार प्रयासरत है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सर्वाइकल कैंसर, अन्य प्रकार के कैंसर और कमजोर होती रोग-प्रतिरोधक क्षमता आज समाज के लिए बड़ी चुनौती बन चुकी है। इन सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3080 ने अपने पूरे डिस्ट्रिक्ट में निःशुल्क टीकाकरण अभियान चलाने का संकल्प लिया है।
रोटरी क्लब रुड़की की अध्यक्षा रोटे रीना नैथानी ने कहा कि “नर सेवा ही नारायण सेवा” के सिद्धांत पर चलते हुए रोटरी समाजसेवा के कार्य करता है। उन्होंने बताया कि 9 से 26 वर्ष की आयु के बालक एवं बालिकाओं को यह वैक्सीनेशन लगाया जा रहा है, जिससे वे भविष्य में सर्वाइकल कैंसर एवं एचपीवी से होने वाली अन्य गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रह सकें। उन्होंने यह भी बताया कि रोटरी क्लब रुड़की का लक्ष्य 10,000 बच्चों को एचपीवी वैक्सीन लगाने का है और आने वाले समय में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर निरंतर आयोजित किए जाएंगे।
सहायक गवर्नर रोटे डॉ. अजय भार्गव ने कहा कि रोटरी के माध्यम से सेवा करने का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है। रोटे मुजीब मलिक ने रोटरी क्लब रुड़की की सक्रियता और निरंतर समाजसेवा के लिए आभार व्यक्त किया। रोटरी सदस्य रवि शर्मा ने बताया कि रुड़की रोटरी का पुराना और प्रमुख क्लब रहा है, जो पिछले कई वर्षों से स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है।
शिविर में समाजसेविका पूजा गुप्ता ने भी सहभागिता करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं द्वारा वैक्सीनेशन कराना सराहनीय है। इससे बच्चों की रोगों से लड़ने की क्षमता बढ़ेगी और उनका भविष्य सुरक्षित होगा। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपने बच्चों का समय पर टीकाकरण कराने की अपील की।
कार्यक्रम में रोटे शालिनी प्रकाश, हर्ष प्रकाश काला, प्रधानाचार्य श्रीमती कुसुम काला, प्रेमचंद सैनी, वंदना मोहन, डॉ. संजीव सैनी, प्रो. राजेश चंद्रा, गार्गी काला, दिलीप प्रधान, विरेंद्र जैन, प्रेम सरीन, निधि शांडिल्य, पूजा गुप्ता, सर्वेश गोस्वामी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं विभिन्न आरसीसी अध्यक्षों का विशेष सहयोग रहा। रोटरी क्लब रुड़की द्वारा आयोजित यह शिविर स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक पहल सिद्ध हुआ।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!