संत शिरोमणि रविदास महाराज की जयंती पर लक्सर विधानसभा में श्रद्धा और सामाजिक समरसता का संदेश

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की। संत शिरोमणि रविदास महाराज की जयंती के अवसर पर लक्सर विधानसभा क्षेत्र में श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकता का भव्य दृश्य देखने को मिला। इस पावन अवसर पर पहाड़ परिवर्तन समिति की अध्यक्षा एवं खानपुर विधायक उमेश कुमार की धर्मपत्नी सोनिया शर्मा ने लक्सर विधानसभा के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर संत शिरोमणि रविदास महाराज के अनुयायियों और परिवारों को जयंती की शुभकामनाएं दीं तथा अपनी ओर से उपहार भेंट किए। उनके इस प्रयास से क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे का संदेश प्रसारित हुआ।
संत शिरोमणि रविदास महाराज की जयंती के उपलक्ष्य में पूरे देश में मंदिरों को भव्य रूप से सजाया गया। वहीं लक्सर क्षेत्र के गांव-गांव में उत्सव का माहौल बना रहा। जगह-जगह शोभायात्राओं की तैयारियां की गईं और कई स्थानों पर भव्य शोभायात्राओं का आयोजन भी किया गया, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों, भजनों और कीर्तन के साथ वातावरण भक्तिमय बना रहा।
इसी क्रम में सोनिया शर्मा ने लक्सर क्षेत्र के खड़ंजा गांव, अकोड़ा खुर्द, दुर्गापुर, महाराजपुर कला, इस्माइलपुर, निहनपुर, बहादुरपुर सैदपुर, मुटकाबाद, मोहम्मदपुर डोसनी सहित अनेक गांवों का दौरा किया। उन्होंने प्रत्येक गांव में स्थित संत रविदास महाराज के मंदिरों में पहुंचकर श्रद्धापूर्वक माथा टेका और क्षेत्रवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने संत रविदास महाराज के अनुयायी परिवारों से मुलाकात कर उन्हें जयंती की बधाई दी और उपहार भेंट कर उनका सम्मान किया।
इस अवसर पर सोनिया शर्मा ने कहा कि संत शिरोमणि रविदास महाराज एक ऐसे महान संत थे, जिनकी शिक्षाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं, जितनी उनके समय में थीं। उन्होंने कहा कि संत रविदास महाराज को किसी एक जाति या वर्ग में सीमित नहीं किया जा सकता, क्योंकि उन्होंने पूरे समाज को समानता, प्रेम और मानवता का संदेश दिया। उनका जीवन संघर्ष, साधना और समाज सुधार का प्रतीक है।
सोनिया शर्मा ने आगे कहा कि हमें संत रविदास महाराज के आदर्शों का अनुसरण करना चाहिए और उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में व्याप्त भेदभाव को समाप्त करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि संत रविदास महाराज ने अपने विचारों और कर्मों से यह सिद्ध किया कि सच्ची भक्ति वही है, जो मानव सेवा और समाज कल्याण से जुड़ी हो।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने सोनिया शर्मा का स्वागत किया और उनके इस जनसंपर्क अभियान की सराहना की। ग्रामीणों का कहना था कि ऐसे आयोजनों से सामाजिक एकता मजबूत होती है और नई पीढ़ी को महान संतों के विचारों से जुड़ने का अवसर मिलता है।
संत शिरोमणि रविदास महाराज की जयंती पर लक्सर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रमों ने न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ किया, बल्कि सामाजिक समरसता और भाईचारे की भावना को भी नई मजबूती प्रदान की।






