February 4, 2026

एचआरडीए की समीक्षा बैठक में आवास विभाग सचिव ने विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिए सख्त निर्देश

(ब्योरो दिलशाद खान। KNEWS18)

हरिद्वार–रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक शुक्रवार को प्राधिकरण के सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उत्तराखंड शासन के आवास विभाग के नव-नियुक्त सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने की। बैठक का उद्देश्य प्राधिकरण के अंतर्गत संचालित निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना तथा उन्हें और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देना रहा।
समीक्षा बैठक के दौरान सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने एचआरडीए द्वारा कराए जा रहे सभी निर्माण एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्राधिकरण के अंतर्गत होने वाले समस्त निर्माण कार्यों का थर्ड पार्टी असेसमेंट अनिवार्य रूप से कराया जाए। सचिव ने कहा कि थर्ड पार्टी मूल्यांकन से न केवल निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित होगी, बल्कि कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही भी बढ़ेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों पर भी बैठक में विशेष चर्चा की गई। सचिव महोदय ने योजना के तहत निर्मित रिक्त आवासों के शीघ्र आवंटन के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिन लाभार्थियों को पहले ही आवास आवंटित किए जा चुके हैं, उनके द्वारा वास्तविक रूप से आवासों में निवास सुनिश्चित कराने पर जोर दिया गया, ताकि योजना का उद्देश्य पूरा हो और सरकारी संसाधनों का सही उपयोग हो सके।
शहरों में लगातार बढ़ रही वाहनों की संख्या और पार्किंग की समस्या को गंभीर मानते हुए सचिव ने पार्किंग की वास्तविक आवश्यकता का आकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आवश्यकता के अनुरूप पार्किंग से संबंधित प्रस्ताव तैयार किए जाएं तथा स्वीकृति मिलने के पश्चात निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाए, जिससे आम जनता को राहत मिल सके।
बैठक के दौरान प्राधिकरण की विभिन्न कार्ययोजनाओं का विस्तृत प्रस्तुतीकरण सचिव, हरिद्वार–रुड़की विकास प्राधिकरण श्री मनीष कुमार सिंह द्वारा किया गया। वहीं आय-व्यय एवं वित्तीय स्थिति से संबंधित प्रस्तुतीकरण मुख्य वित्त नियंत्रक श्री लखेंद्र गोथियाल ने प्रस्तुत किया। सचिव महोदय ने दोनों प्रस्तुतियों पर संतोष व्यक्त करते हुए आवश्यक सुधारों के लिए सुझाव भी दिए।
समीक्षा बैठक में अधिशासी अभियंता श्री राजन, सहायक अभियंता श्री त्रेपन सिंह पवार, श्री प्रशांत सेमवाल, श्रीमती वर्षा, अवर अभियंता सुश्री शबाना, श्री शुभम सेमवाल, श्री संदीप उनियाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक के उपरांत सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने प्रधानमंत्री एकता मॉल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने माननीय प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी परियोजना, जिसे माननीय मुख्यमंत्री उत्तराखंड द्वारा निरंतर पर्यवेक्षण एवं मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है, को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्य में उच्च गुणवत्ता, समयबद्धता और मानकों के पूर्ण पालन पर विशेष बल दिया।
इसके अतिरिक्त सचिव महोदय ने आम नागरिकों से संबंधित आवासीय मानचित्रों के शीघ्र निस्तारण, अनावश्यक आपत्तियों से बचने तथा फाइलों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब को गंभीरता से लेने के निर्देश प्राधिकरण के अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और त्वरित कार्यवाही शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!