संगठन सृजन अभियान प्रशिक्षण से कांग्रेस पार्टी धरातल पर होगी मजबूत: राजेंद्र चौधरी

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की। कांग्रेस पार्टी द्वारा संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत उत्तराखंड एवं हरियाणा के नवनियुक्त जिलाध्यक्षों का 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम हाल ही में कुरुक्षेत्र में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस प्रशिक्षण शिविर में पार्टी संगठन को नई ऊर्जा, स्पष्ट दिशा और मजबूत संरचना देने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्रशिक्षकों सचिन राव एवं शशिकांत सेंथिल के नेतृत्व में किया गया, जिन्होंने राजनीतिक, सामाजिक एवं नैतिक विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षण प्रदान किया।
रुड़की महानगर जिला अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी एडवोकेट ने प्रशिक्षण के अनुभव साझा करते हुए बताया कि यह शिविर केवल सैद्धांतिक नहीं, बल्कि पूरी तरह व्यवहारिक और जमीनी सच्चाइयों से जुड़ा हुआ रहा। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान कुल 40 सत्रों का आयोजन किया गया, जिनमें कांग्रेस पार्टी की गांधीवादी विचारधारा, संगठनात्मक अनुशासन, स्पष्ट लक्ष्य निर्धारण, सूचना एवं संचार तंत्र, अंतरराष्ट्रीय राजनीति का भारत पर प्रभाव, तथा संगठन को बूथ, वार्ड और गांव स्तर तक मजबूत करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा की गई।
राजेंद्र चौधरी ने बताया कि प्रशिक्षण का एक अहम हिस्सा गांव भ्रमण, सामाजिक एवं आर्थिक सर्वेक्षण रहा। इन गतिविधियों के माध्यम से जिलाध्यक्षों को आम जनता की समस्याओं, अपेक्षाओं और जमीनी हालात को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण से यह स्पष्ट संदेश मिला कि कांग्रेस पार्टी केवल चुनावी राजनीति तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि समाज के हर वर्ग से जुड़कर उनके मुद्दों को प्राथमिकता देना चाहती है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के नौवें दिन नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने विशेष सत्र में भाग लिया। उन्होंने जिलाध्यक्षों को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी की असली ताकत जिला संगठन है और पार्टी की नींव यहीं से मजबूत होती है। राहुल गांधी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब जिलाध्यक्षों को अधिक अधिकार दिए जाएंगे और वे सीधे केंद्रीय नेतृत्व के संपर्क में रहकर कार्य करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन में जवाबदेही सर्वोपरि होगी और अब किसी का मूल्यांकन सिफारिशों से नहीं, बल्कि उसके काम और प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।
राहुल गांधी ने यह भी संकेत दिया कि भविष्य में प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष जिलाध्यक्षों में से ही चुना जा सकता है। इससे संगठन में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में नई उम्मीद और उत्साह देखने को मिला। उन्होंने जिलाध्यक्षों से आह्वान किया कि वे पार्टी को जन-जन तक पहुंचाएं और जनता की आवाज को मजबूती से उठाएं।
इस अवसर पर राहुल गांधी ने सभी जिलाध्यक्षों के परिजनों से भी मुलाकात की और उनसे संवाद किया। रुड़की महानगर जिला अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी की धर्मपत्नी भावना चौधरी ने राहुल गांधी को रुड़की के कुटीर उद्योग में निर्मित पीतल का अशोक स्तंभ भेंट किया, जो स्थानीय हस्तशिल्प और आत्मनिर्भर भारत की भावना का प्रतीक है। वहीं उनकी पुत्री पूर्णिमा एवं भतीजे उदय से राहुल गांधी ने शिक्षा, करियर और उज्ज्वल भविष्य को लेकर बातचीत की और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
कुल मिलाकर संगठन सृजन अभियान के तहत आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम कांग्रेस पार्टी के लिए एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ है। इससे न केवल संगठनात्मक मजबूती आएगी, बल्कि पार्टी को जमीनी स्तर पर नई दिशा और रणनीति के साथ आगे बढ़ने में भी मदद मिलेगी।

