December 22, 2025

रुड़की में वैदिक परंपरा का भव्य आयोजन, पुरोहितों का सम्मान एवं विशाल भंडारे का आयोजन

(ब्योरो – दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की। जीवन दीप आश्रम, नंद विहार, रुड़की में आध्यात्मिक वातावरण के बीच एक भव्य धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन पूज्य गुरुदेव स्वामी यतींद्रानंद गिरी जी के पावन सानिध्य में विधिवत वैदिक पूजन के साथ प्रारंभ हुआ। पूजन उपरांत रुड़की नगर के समस्त वैदिक कर्मकांडी पुरोहितों एवं ब्राह्मणों का सम्मान समारोह गरिमामय रूप से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वैदिक परंपरा के संवाहकों का सम्मान कर समाज में धार्मिक मूल्यों को सुदृढ़ करना रहा। इस अवसर पर स्वामी यतींद्रानंद गिरी जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि वैदिक कर्मकांड, संस्कार और पूजा-पाठ समाज को सही दिशा देने का कार्य करते हैं। पुरोहित वर्ग सदियों से संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए हुए है, ऐसे में उनका सम्मान समाज का नैतिक दायित्व है।
ज़िला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह  ने बताया सम्मान समारोह के दौरान सभी आमंत्रित पुरोहितों एवं ब्राह्मणों को शाल, शीत वस्त्र एवं सम्मान स्वरूप सामग्री भेंट की गई। शीत ऋतु को ध्यान में रखते हुए किया गया शीत वस्त्र वितरण समाज सेवा की भावना को भी दर्शाता रहा। उपस्थित अतिथियों और श्रद्धालुओं ने इस पहल की सराहना की।
उन्होंने कहा आश्रम परिसर में विशाल भोज-भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, साधु-संतों एवं नगरवासियों ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे की व्यवस्था सुव्यवस्थित एवं अनुशासित रही, जिससे सभी ने सहज रूप से भोजन प्रसाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान रामायण पाठ का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। रामायण पाठ के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और जीवन मूल्यों का स्मरण किया गया। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से पाठ में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया और आध्यात्मिक शांति का अनुभव किया।
समापन अवसर पर आयोजकों द्वारा सभी सहयोगियों, सेवाभावी कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया गया। संपूर्ण आयोजन धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता एवं सेवा भावना का अनुपम उदाहरण रहा, जिसने रुड़की नगर में सकारात्मक संदेश प्रसारित किया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!