December 20, 2025

जनसेवा और धर्मकार्य के प्रति समर्पित हैं सीएम धामी,सामूहिक विवाह और 1100 कन्या पूजन ने कार्यक्रम को बनाया ऐतिहासिक”- अक्षय प्रताप सिंह

(ब्योरो – दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज रुड़की स्थित जीवनदीप आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने एक विशाल धार्मिक व सामाजिक आयोजन में भाग लिया। मुख्यमंत्री के साथ उनकी धर्मपत्नी गीता धामी भी उपस्थित रहीं। आश्रम में पहुंचने पर संत समाज, आश्रम परिवार और हजारों की संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरी जी महाराज के सानिध्य में संचालित जीवनदीप आश्रम प्रदेश का प्रमुख आध्यात्मिक केंद्र माना जाता है, जहां सुबह से ही भक्तों का तांता लगा हुआ था।मुख्यमंत्री धामी के आगमन के साथ ही आश्रम परिसर ‘जय श्री राम’ और ‘हर हर महादेव’ जैसे जयकारों से गूंज उठा। मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी ने विधि-विधान से हवन-पूजन कर उत्तराखंड की शांति, समृद्धि और जनकल्याण की प्रार्थना की। संतों ने मुख्यमंत्री को आशीर्वाद देते हुए प्रदेश की निरंतर उन्नति और सामाजिक सौहार्द की कामना की।कार्यक्रम का सबसे विशेष आकर्षण 1100 बाल कन्याओं का पूजन रहा, जिसमें मुख्यमंत्री धामी ने स्वयं कन्याओं के चरण पखारे, तिलक लगाया और उपहार भेंट किए। यह आयोजन धार्मिक परंपरा के साथ-साथ नारी सम्मान, संस्कृति संरक्षण और सामाजिक समरसता का संदेश भी देता दिखाई दिया। कार्यक्रम में पांच कन्याओं के सामूहिक विवाह भी संपन्न हुए। मुख्यमंत्री ने नवविवाहित दंपतियों को आशीर्वाद देकर उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की।इस दौरान स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी सभागार के लोकार्पण को लेकर भी श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। आश्रम प्रबंधन ने बताया कि यह सभागार आने वाले समय में आध्यात्मिक प्रवचनों, भंडारों और सामाजिक कल्याणकारी कार्यक्रमों का प्रमुख केंद्र बनेगा।आश्रम में जहां अंदर धार्मिक भक्ति और आध्यात्मिक माहौल नजर आया, वहीं बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के स्वागत में नारे और तालियों की गूंज से वातावरण को उत्साहित कर दिया। भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग कार्यक्रम में शामिल हुए, जिससे आयोजन की भव्यता और भी बढ़ गई।

भाजपा ज़िलाध्यक्ष मधु सिंह ने कहा जीवनदीप आश्रम में आयोजित सामूहिक विवाह, 1100 कन्या पूजन और शतचंडी महायज्ञ जैसे भव्य धार्मिक-सामाजिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति अत्यंत प्रेरक रही। उन्होंने जनसेवा और सांस्कृतिक मूल्यों को जो सम्मान दिया है, वह पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है।

भाजपा के जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह ने कहा कि आज जीवनदीप आश्रम में पूज्य गुरुदेव महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरी महाराज के सानिध्य में आयोजित छह निर्धन कन्याओं के सामूहिक विवाह, 1100 कन्याओं के पूजन तथा शतचंडी महायज्ञ के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का स्वागत करना सौभाग्य की बात रही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री निरंतर जनसेवा और धर्मकार्य को समर्पित भाव से अपने कार्यकाल को आगे बढ़ा रहे हैं। ऐसे पवित्र आयोजन में उनके साथ उपस्थित रहना अविस्मरणीय अनुभव है।आयोजन के सफल संचालन के लिए आश्रम प्रबंधन, संत समाज और स्थानीय प्रशासन ने संयुक्त रूप से व्यवस्थाएं संभालीं। पूरे कार्यक्रम में आध्यात्मिकता, उत्साह और दिव्यता का अनूठा संगम दिखाई दिया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!