आग, धुआं और अफरा-तफरी,अगर 10 मिनट और देर हो जाती तो हो सकता था बड़ा विस्फोट
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की, 22 जून। कोतवाली गंगनहर क्षेत्र स्थित राजमहल होटल के पास सोमवार तड़के एक खड़े ट्रक में हाईटेंशन बिजली लाइन गिरने से भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि कुछ ही देर में पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर पहुंची फायर सर्विस की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और संभावित बड़े हादसे को टाल दिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 4:18 बजे फायर स्टेशन रुड़की को सूचना मिली कि कोतवाली गंगनहर क्षेत्र में राजमहल होटल के पास खड़े एक ट्रक में आग लगी हुई है। सूचना मिलते ही फायर यूनिट रुड़की तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर दमकल कर्मियों ने देखा कि ट्रक में हाईटेंशन बिजली की लाइन गिरने के कारण भीषण आग लगी हुई है और आग लगातार फैल रही है।
फायर कर्मियों ने तुरंत एक होज पाइप फैलाकर आग बुझाने की तैयारी शुरू की, लेकिन स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब पता चला कि बिजली की आपूर्ति अभी भी चालू है और हाईटेंशन लाइन में करंट प्रवाहित हो रहा है। ऐसे में आग बुझाने का कार्य बेहद जोखिम भरा हो गया। फायर टीम द्वारा कई बार बिजली विभाग से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं होने के कारण तत्काल कार्रवाई संभव नहीं हो सकी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर यूनिट ने कंट्रोल रूम को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। साथ ही चेतक मोबाइल को बिजली घर भेजा गया, जिसके बाद संबंधित बिजली उपकेंद्र से विद्युत आपूर्ति बंद कराई गई। बिजली कटने के बाद दमकल कर्मियों ने पूरी सुरक्षा के साथ आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
फायर सर्विस की टीम ने कड़ी मशक्कत करते हुए पंपिंग के माध्यम से आग पर नियंत्रण पाया और कुछ समय बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया। अधिकारियों के अनुसार यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो ट्रक का डीजल टैंक फट सकता था, जिससे बड़ा विस्फोट होने की आशंका थी और आसपास के क्षेत्र में गंभीर नुकसान हो सकता था।
फायर सर्विस की त्वरित एवं साहसिक कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने दमकल विभाग की तत्परता और पेशेवर कार्यशैली की सराहना करते हुए टीम का आभार व्यक्त किया। आग लगने के कारण ट्रक को नुकसान पहुंचा है, हालांकि किसी व्यक्ति के घायल होने या जनहानि की कोई सूचना नहीं है।
इस अभियान में चालक विपिन सिंह, लीडिंग फायरमैन विपिन सैनी, फायरमैन हरीशचंद्र, सुनील बंदोलिया तथा अभिषेक राज ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। फायर विभाग की इस त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर आपात परिस्थितियों में उनकी दक्षता और समर्पण को साबित किया है।
