वरिष्ठ समाजसेवी मोहम्मद इंतजार प्रधान और सुराज सेवादल ने पिरान कलियर पुलिस टीम को किया सम्मानित
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
पिरान कलियर। दरगाह परिसर से सात माह की मासूम बच्ची के अपहरण के सनसनीखेज मामले का मात्र चार दिनों में सफल खुलासा कर बच्ची को सकुशल बरामद करने वाली पिरान कलियर पुलिस की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है। पुलिस की तत्परता, सूझबूझ और लगातार किए गए प्रयासों ने न केवल एक मासूम की जिंदगी को सुरक्षित किया, बल्कि उसके परिजनों को भी बड़ी राहत पहुंचाई है।
गौरतलब है कि 7 जून को दरगाह परिसर से सात माह की एक मासूम बच्ची का अपहरण हो गया था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश तथा पुलिस अधीक्षक देहात शेखर चंद्र सुयाल के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।
पुलिस ने मामले की तह तक पहुंचने के लिए दिन-रात मेहनत की। जांच के दौरान करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसके साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से संदिग्धों तक पहुंचने का प्रयास किया गया। लगातार चलाए गए सर्च अभियान और पुलिस टीम की सतर्कता के चलते अपहरणकर्ता तक पहुंच बनाई गई। परिणामस्वरूप पुलिस ने महज चार दिनों के भीतर बच्ची को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
मासूम बच्ची की सुरक्षित बरामदगी के बाद परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया। वहीं पुलिस की इस सराहनीय उपलब्धि की चर्चा पूरे क्षेत्र में होने लगी। लोगों ने पुलिस की कार्यशैली और त्वरित कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए इसे जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
पुलिस के इस उल्लेखनीय कार्य से प्रभावित होकर वरिष्ठ समाजसेवी मोहम्मद इंतजार प्रधान पीरपुरा एवं सुराज सेवादल के प्रदेश सचिव ने पिरान कलियर कोतवाली पहुंचकर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक, सीओ दिव्येश उपाध्याय, वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश बिष्ट, उपनिरीक्षक विनोद कुमार गोला, शहजाद अली, विशाखा राठौर सहित पूरी पुलिस टीम को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया तथा मिठाई खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
सम्मान समारोह के दौरान मोहम्मद इंतजार प्रधान ने कहा कि पुलिस ने जिस जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ इस मामले का खुलासा किया है, वह समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि मासूम बच्ची को सुरक्षित बरामद कर पुलिस ने न केवल एक परिवार की खुशियां लौटाई हैं, बल्कि आम जनता के मन में पुलिस के प्रति विश्वास को भी और अधिक मजबूत किया है।
उन्होंने कहा कि पुलिस के अच्छे कार्यों को समाज के सामने लाना और उनका सम्मान करना जरूरी है। इससे पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ता है और वे भविष्य में भी इसी तरह जनता की सेवा के लिए समर्पित भाव से कार्य करते रहते हैं। क्षेत्रवासियों ने भी पुलिस टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
