सोमवती अमावस्या पर समर्पण संस्था की सेवा, पूर्व मेयर प्रत्याशी पूजा गुप्ता ने राहगीरों को पिलाया शीतल शरबत

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की। सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर समर्पण जन कल्याण संगठन ट्रस्ट द्वारा चावमंडी स्थित कार्यालय पर शरबत वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भीषण गर्मी और उमस से राहत दिलाने के उद्देश्य से आयोजित इस सेवा कार्य में संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने राहगीरों को शीतल शरबत वितरित कर सेवा भाव का परिचय दिया।
कार्यक्रम में संस्था के संरक्षक डॉ. संजीव अग्रवाल, महिला शाखा की संरक्षक पूजा गुप्ता सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने स्वयं राहगीरों को शरबत पिलाकर समाज सेवा का संदेश दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने शरबत ग्रहण कर संस्था के इस प्रयास की सराहना की।
संस्था के संरक्षक डॉ. संजीव अग्रवाल ने कहा कि समर्पण जन कल्याण संगठन हमेशा समाजहित के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। संस्था का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि जरूरतमंदों तक सहायता और सेवा पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर किए जाने वाले सेवा कार्य समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और लोगों को मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराते हैं। उन्होंने सभी लोगों से ऐसे सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान भी किया।


महिला शाखा की संरक्षक पूजा गुप्ता ने कहा कि संस्था निरंतर सेवा कार्यों में सक्रिय रहती है। जरूरतमंदों की सहायता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य सेवाएं तथा धार्मिक आयोजनों में सहयोग संस्था की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और इसी भावना के साथ संस्था कार्य कर रही है।
शरबत वितरण कार्यक्रम के उपरांत समर्पण कार्यालय में संस्था की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता संदीप यादव ने की। बैठक में आगामी कार्यक्रमों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सर्वसम्मति से तय किया गया कि 16 जुलाई को हरेला पर्व के अवसर पर व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस अभियान के लिए संदीप यादव और अरुण कोहली को पर्यावरण प्रभारी नियुक्त किया गया।
बैठक में आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कांवड़ भंडारा एवं चिकित्सा शिविर लगाने की योजना बनाई गई। सर्वसम्मति से संजीव सैनी को कांवड़ भंडारे का प्रभारी नियुक्त किया गया। वहीं स्वास्थ्य सेवाओं की जिम्मेदारी संदीप गोयल, संजय गोयल और गजेंद्र शर्मा को सौंपी गई। पानी की व्यवस्था का दायित्व मनोज मेहरा तथा साफ-सफाई एवं स्वच्छता की जिम्मेदारी पार्षद राकेश गर्ग को दी गई।
बैठक में विकास गुप्ता, प्रदीप गोयल, शशिकांत अग्रवाल, अनिरुद्ध गोयल, श्रवण सैनी, अनुप बंसल, शैलेश बंसल, अजय शर्मा, अंकुर त्यागी, शेर सिंह सारण, राजकुमार सोनकर, गौरव गोयल, प्रिंस गोस्वामी, इंद्रजीत सिंह, विकास सैनी, कृष्ण यादव, नरेश यादव सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने संस्था के आगामी सेवा कार्यों को सफल बनाने का संकल्प लिया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!