पत्रकारिता समाज का दर्पण, पत्रकारों का सम्मान लोकतंत्र को करता है मजबूत: विनय रोहिल्ला

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की। नगर निगम सभागार में आयोजित एक भव्य सम्मान समारोह में दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री विनय रोहिल्ला ने पत्रकारों, समाजसेवियों एवं खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए कहा कि पत्रकारिता एक ऐसा महत्वपूर्ण दायित्व है, जिसका मूल्य किसी भी पैमाने से नहीं आंका जा सकता। उन्होंने कहा कि पत्रकार अपनी सच्ची मेहनत, लगन और निष्ठा से समाज को जागरूक करने तथा जनहित के मुद्दों को सामने लाने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राज्यमंत्री विनय रोहिल्ला ने कहा कि एक पत्रकार समाज, सरकार और जनता के बीच सेतु का कार्य करता है। यदि पत्रकारों को सम्मान दिया जाता है तो इससे उनके अंदर कर्तव्यबोध और अधिक मजबूत होता है तथा वे और अधिक जिम्मेदारी के साथ अपने लेखन और पत्रकारिता के कार्य को आगे बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पत्रकारों के हितों की रक्षा और उनके कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं तथा सरकार पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी चौधरी सुभाष नंबरदार ने पत्रकारों के हितों और उनके कल्याण के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता समाज का दर्पण है और एक सशक्त कलम समाज को नई दिशा देने का कार्य करती है। निष्पक्ष, निर्भीक और सत्यनिष्ठ पत्रकारिता लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते प्रभाव के बावजूद प्रिंट मीडिया और समाचार पत्रों का महत्व कभी कम नहीं होगा, क्योंकि विश्वसनीय और प्रमाणिक समाचारों का अपना अलग स्थान है।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष संजय अरोड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकार समाज और शासन-प्रशासन के बीच एक मजबूत कड़ी के रूप में कार्य करता है। पत्रकारों की सजगता और निष्पक्षता समाज में जागरूकता पैदा करने के साथ-साथ सकारात्मक परिवर्तन लाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि पत्रकार वास्तव में समाज के सजग प्रहरी हैं, जो जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर लोकतंत्र को मजबूत बनाने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम के संयोजक एवं वरिष्ठ पत्रकार पुनीत रोहिल्ला ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का स्वागत करते हुए बताया कि उनका न्यूज चैनल और न्यूज पोर्टल पिछले आठ वर्षों से लगातार जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाता आ रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारों को पत्रकारिता के मूल्यों, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए।
दीपक पुंडीर के कुशल संचालन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विनय रोहिल्ला द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर नायब तहसीलदार मोहम्मद यूसुफ, वरिष्ठ कांग्रेस नेता उदय सिंह पुंडीर, नंद जीवन कृष्ण, कोच सूरज रोड, अरविंद रोहिल्ला, मनीष ग्रोवर, मनोज अग्रवाल, आरिफ नियाजी, नितिन कुमार, अनवर राणा, दीक्षा गुप्ता, परवेज आलम, शशांक गोयल, मिक्की जैदी, रजनीश सहगल, नफीसुल हसन, मोहम्मद नाजिम, इमरान देशभक्त, सीमा कश्यप और संदीप कश्यप सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में पत्रकारों, समाजसेवियों एवं खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!