भाजपा जनता का ब्रेनवॉश कर रही, महंगाई और पेपर लीक पर खामोश: आलोक शर्मा
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि केंद्र सरकार देश की जनता का ब्रेनवॉश कर उन्हें वास्तविक मुद्दों से भटकाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और लगातार हो रहे पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों पर भाजपा सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। रुड़की महानगर कांग्रेस जिलाध्यक्ष एडवोकेट राजेंद्र चौधरी के कैंप कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में पहुंचे कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पटका पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर जोरदार स्वागत किया। इसके बाद आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए आलोक शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार जनता का ध्यान मूलभूत समस्याओं से हटाने का प्रयास कर रही है, जबकि देश में आम आदमी महंगाई और बेरोजगारी से परेशान है।उन्होंने कहा कि देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लगातार लीक हो रहे हैं, लेकिन दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। नीट, एसएससी समेत कई महत्वपूर्ण परीक्षाओं में अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि छात्र सड़कों पर उतरकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रही है।आलोक शर्मा ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और भ्रष्टाचार भी चरम पर है, लेकिन भाजपा सरकार इन मुद्दों पर मौन धारण किए हुए है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई राज्यों में डमी मुख्यमंत्री बनाकर सरकारें चलाई जा रही हैं, ताकि केंद्रीय नेतृत्व अपने अनुसार फैसले करवा सके। उन्होंने सीबीएसई बोर्ड की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग की।प्रेस वार्ता के दौरान महानगर कांग्रेस जिलाध्यक्ष एडवोकेट राजेंद्र चौधरी ने कहा कि नीट पेपर लीक ने केवल युवाओं के भविष्य को ही नहीं, बल्कि देश की स्वास्थ्य व्यवस्था को भी प्रभावित किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने युवाओं और देश की स्वास्थ्य सेवाओं के साथ धोखा किया है। चौधरी ने कहा कि उत्तराखंड में हजारों सरकारी पद खाली पड़े हैं, लेकिन सरकार भर्ती प्रक्रिया को लेकर गंभीर नहीं दिखाई दे रही है।उन्होंने कहा कि राज्य पर कर्ज का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है और वर्तमान सरकार जवाबदेही से बच रही है। उन्होंने उत्तराखंड में महंगी बिजली दरों और महिलाओं पर बढ़ते अत्याचारों को लेकर भी सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। चौधरी ने कहा कि जनता अब भाजपा सरकार की नीतियों से परेशान हो चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी, पीसीसी सदस्य अरविंद प्रधान, महिला कांग्रेस रुड़की अध्यक्ष यास्मीन खान, जिला उपाध्यक्ष डॉ. हरविंदर सिंह, अजय चौधरी, वीना आनंद, संजय गुड्डू (पूर्व पार्षद), ब्लॉक अध्यक्ष नीरज सैनी, जिला महामंत्री नरेंद्र शर्मा, मिंटू प्रधान, सुभाष चंद शर्मा, नौशाद अली, विशाल सहगल, पंकज सोनकर, शमशेर अली, उम्मेद गाजी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
