‘थैंक्स फायर फाइटर’ के नारों से गूंजा ग्रीन वे स्कूल परिसर,अग्निकांड में बहादुरी दिखाने वाले फायर फाइटर्स हुए सम्मानित

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की। जनपद हरिद्वार के फायर स्टेशन रुड़की की टीम को एक बार फिर अपनी कर्तव्यनिष्ठा, साहस और तत्परता के लिए सम्मानित किया गया। दिनांक 19 मई 2026 को आदर्श नगर रुड़की स्थित ग्रीन वे सीनियर सेकेंडरी स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती माला चौहान के आवास पर हुए भीषण अग्निकांड में फायर टीम द्वारा किए गए जोखिमपूर्ण और सराहनीय रेस्क्यू कार्य के लिए विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान फायर कर्मियों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन, अध्यापकगण, कार्यालय स्टाफ तथा लगभग दो हजार छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ फायर टीम का आभार व्यक्त किया और “थैंक्स फायर फाइटर” कहकर उनका उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती माला चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि यदि फायर स्टेशन रुड़की की टीम कुछ देर से पहुंचती तो बड़ी जन-धन हानि हो सकती थी। उन्होंने कहा कि टीम ने जिस तेजी और साहस के साथ आग पर काबू पाया, वह वास्तव में प्रशंसनीय है। उन्होंने सभी फायर कर्मियों को समाज का सच्चा रक्षक बताया।
फायर विभाग की ओर से भी कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा गया कि कर्तव्यनिष्ठ व्यक्ति किसी पुरस्कार या सम्मान का मोहताज नहीं होता, लेकिन ऐसे सम्मान से मनोबल बढ़ता है और समाज का विश्वास मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि आमजन का प्यार और उनके कार्यों से संतुष्टि ही सबसे बड़ा पुरस्कार है। साथ ही यह भी कहा गया कि अग्निकांड और रेस्क्यू के दौरान फायर टीम हमेशा अपना शत-प्रतिशत देने का प्रयास करती है।
सम्मान समारोह के साथ-साथ विद्यालय में एक व्यापक जनजागरण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को अग्निशमन उपकरणों के प्रयोग की विधि, एलपीजी गैस सिलेंडर से होने वाली आग की घटनाओं से बचाव तथा आग लगने की स्थिति में सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके अलावा आपातकालीन सेवा नंबर 112 के महत्व और उपयोग के बारे में भी जागरूक किया गया।कार्यक्रम में सम्मानित होने वाली टीम में लीडिंग फायरमैन भगवती प्रसाद, चालक विपिन सिंह तोमर, चालक मोहन सिंह नेगी, फायरमैन राजेन्द्र सिंह विष्ट, हरीशचंद्र, दिनेश चौहान, सुनील कुमार बंदोलिया तथा सुनील सिंह शामिल रहे। सभी के कार्यों की विद्यालय परिवार और स्थानीय लोगों ने सराहना की।यह कार्यक्रम न केवल फायर कर्मियों के सम्मान का प्रतीक बना, बल्कि आमजन और विद्यार्थियों में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम साबित हुआ।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!