ग्रीनवे स्कूल की प्रधानाचार्या के आवास में लगी आग, फायर यूनिट रुड़की ने समय रहते पाया काबू
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की। आदर्श नगर स्थित ग्रीनवे सीनियर सेकेंडरी स्कूल की प्रधानाचार्या माला चौहान के आवास में मंगलवार दोपहर अचानक आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन रुड़की की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। फायर यूनिट की तत्परता और तेज रिस्पांस टाइम के चलते एक बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को करीब 3 बजकर 7 मिनट पर फायर स्टेशन रुड़की को सूचना मिली कि आदर्श नगर स्थित एक मकान के द्वितीय तल पर आग लग गई है। सूचना मिलते ही अग्निशमन अधिकारी श्री बंश नारायण यादव के नेतृत्व में फायर यूनिट तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि मकान के सेकंड फ्लोर के कमरे में लगे एसी और सोफे में भीषण आग लगी हुई थी, जिससे पूरे तल पर घना धुआं फैल गया था।
आग की गंभीरता को देखते हुए फायर कर्मियों ने बिना समय गंवाए मोटर फायर इंजन से दो होज पाइप फैलाकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कमरे में अत्यधिक धुआं होने के कारण दमकल कर्मियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन टीम ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए अथक प्रयासों से आग को पूरी तरह बुझा दिया। साथ ही आग को मकान के अन्य हिस्सों तक फैलने से भी रोक लिया गया। इस अग्निकांड में एसी, सोफा तथा अन्य घरेलू सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। मौके पर मौजूद लोगों ने भी फायर यूनिट की तेज कार्रवाई की सराहना की।फायर अधिकारियों के अनुसार यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आग विकराल रूप धारण कर सकती थी और बड़ी जन-धन हानि होने की आशंका थी। मकान मालिक एवं ग्रीनवे सीनियर सेकेंडरी स्कूल की प्रधानाचार्या माला चौहान ने फायर यूनिट रुड़की की त्वरित कार्रवाई की खुले मन से प्रशंसा करते हुए पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। अग्निशमन अधिकारी श्री बंश नारायण यादव ने घटना की सूचना उच्च अधिकारियों एवं कंट्रोल रूम रुड़की को भी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी अग्निकांड में रिस्पांस टाइम सबसे महत्वपूर्ण होता है और समय पर कार्रवाई से बड़े हादसों को टाला जा सकता है । घटनास्थल पर पहुंची टीम में अग्निशमन अधिकारी बंश नारायण यादव, लीडिंग फायरमैन भगवती प्रसाद, लीडिंग फायरमैन विपिन सैनी, चालक विपिन सिंह तोमर, चालक मोहन सिंह नेगी, फायरमैन जगवीर सिंह, राजेन्द्र सिंह विष्ट, हरीशचंद्र, दिनेश चौहान, सुनील कुमार बंदोलिया तथा सुनील सिंह शामिल रहे।
