हरिद्वार विकास प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई, बहादराबाद और रोशनाबाद में अवैध निर्माण सील

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

हरिद्वार। हरिद्वार विकास प्राधिकरण (एचडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बहादराबाद और रोशनाबाद क्षेत्र में चल रहे दो बड़े व्यावसायिक निर्माणों पर कार्रवाई की है। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर बिना स्वीकृति किए जा रहे निर्माण कार्यों को सील कर दिया और निर्माणकर्ताओं को भविष्य में बिना अनुमति कोई कार्य न करने के निर्देश दिए।जानकारी के अनुसार बहादराबाद क्षेत्र के अनेकी हेतमपुर स्थित अनेकी पुल के बाद औरंगाबाद जाने वाले मार्ग पर स्थित आर्यन हेरिटेज स्कूल के प्रबंधक द्वारा पूर्व निर्मित भवन के ऊपर दूसरे तल पर लगभग 120 फीट × 50 फीट क्षेत्रफल में व्यावसायिक निर्माण कराया जा रहा था। बताया गया कि यह निर्माण कार्य बिना प्राधिकरण से विधिवत स्वीकृति प्राप्त किए कराया जा रहा था, जिसकी शिकायत मिलने पर प्राधिकरण ने जांच शुरू की।
इसी प्रकार रोशनाबाद क्षेत्र में नवोदय चौक के पास स्थित सेंट थॉमस स्कूल के प्रबंधक द्वारा भी लगभग 60 फीट × 40 फीट क्षेत्रफल में व्यावसायिक निर्माण कराया जा रहा था। जांच में यह निर्माण भी अनाधिकृत पाया गया। प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार दोनों निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और स्वीकृत नक्शे के बिना किए जा रहे थे, जिससे क्षेत्रीय नियोजन नियमों का उल्लंघन हो रहा था।
हरिद्वार विकास प्राधिकरण ने इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित निर्माणकर्ताओं के खिलाफ अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत वाद योजित किए। प्राधिकरण की ओर से कई बार निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद भी निर्माण कार्य जारी रखा गया। लगातार निर्देशों की अनदेखी किए जाने पर प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों अवैध निर्माणों को सील करने की कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि बिना मानचित्र स्वीकृति और आवश्यक अनुमति के किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं किया जाए। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में भी नियमों की अवहेलना की गई तो संबंधित लोगों के खिलाफ और कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।स्थानीय लोगों ने प्राधिकरण की इस कार्रवाई को सराहनीय बताया है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में तेजी से हो रहे अनियोजित और अवैध निर्माणों पर रोक लगाना आवश्यक है, ताकि शहर का नियोजित विकास सुनिश्चित हो सके और भविष्य में किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
हरिद्वार विकास प्राधिकरण की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध निर्माण कराने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में प्राधिकरण द्वारा अन्य क्षेत्रों में भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रखी जाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!