September 21, 2026

रुड़की के नशा मुक्ति केंद्र में युवक की गला रेतकर हत्या, बाथरूम में मिला खून से लथपथ शव

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की के सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में युवक की हत्या से सनसनी फैल गई। ढंढेरी गांव के पास संचालित अनमोल नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती 39 वर्षीय युवक का शव बाथरूम में खून से लथपथ हालत में मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। युवक के गले पर धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान मिले हैं, जिससे मामला हत्या का माना जा रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और केंद्र में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है।मृतक की पहचान लक्सर कोतवाली क्षेत्र के बसेड़ी गांव निवासी आशीष के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, आशीष को करीब चार महीने पहले उसके परिजनों ने नशे की लत छुड़ाने के लिए अनमोल नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह केंद्र में भर्ती एक अन्य मरीज बाथरूम की ओर गया था। जैसे ही उसने बाथरूम का दरवाजा खोला, अंदर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। फर्श पर आशीष का शव पड़ा हुआ था और आसपास खून फैला हुआ था। युवक के गले पर गहरे कट के निशान दिखाई दे रहे थे।

घटना की जानकारी मिलते ही केंद्र में अफरा-तफरी मच गई। संचालकों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे परिसर को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हत्या किस हथियार से की गई और घटना को किस परिस्थिति में अंजाम दिया गया, इसकी जांच की जा रही है। केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके। वहीं नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती अन्य मरीजों और कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है।
सरकारी अस्पताल पहुंचे तहसीलदार विकास अवस्थी ने बताया कि युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पोस्टमार्टम पैनल द्वारा कराया जा रहा है और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा। पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा कर रही है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने नशा मुक्ति केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर भी सवाल खड़े किए हैं। वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!