धारीवाला में महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण, युवाओं को देशहित में कार्य करने का दिया संदेश
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
हरिद्वार, 09 मई। हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम धारीवाला में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर उनकी भव्य प्रतिमा का अनावरण किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा तथा भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने संयुक्त रूप से प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। ग्राम धारीवाला में यह प्रतिमा पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद के सौजन्य से स्थापित की गई है। प्रतिमा अनावरण समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि महाराणा प्रताप केवल एक वीर योद्धा ही नहीं, बल्कि आत्मसम्मान, राष्ट्रभक्ति और संघर्ष के प्रतीक थे। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को महाराणा प्रताप के जीवन से प्रेरणा लेकर देश और समाज के हित में कार्य करना चाहिए। परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि महाराणा प्रताप ने विपरीत परिस्थितियों में भी कभी अपने स्वाभिमान से समझौता नहीं किया। उन्होंने संघर्ष का मार्ग चुना और देश की संस्कृति तथा स्वतंत्रता की रक्षा के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे महापुरुषों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता और समाज को उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लेना चाहिए। कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाएं केवल पत्थर की मूर्तियां नहीं होतीं, बल्कि वे समाज को प्रेरणा देने का माध्यम होती हैं। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी जब इन महापुरुषों के संघर्ष और त्याग के बारे में जानती है तो उनके भीतर राष्ट्रसेवा और समाजहित में कार्य करने की भावना मजबूत होती है। उन्होंने महाराणा प्रताप के जीवन को संघर्षमयी बताते हुए कहा कि यदि उन्होंने विदेशी शक्तियों के सामने समझौता कर लिया होता तो देश का इतिहास कुछ और होता। स्वामी यतीश्वरानंद ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे महाराणा प्रताप को अपना आदर्श बनाएं और देशहित में कार्य करें। उन्होंने कहा कि समाज में राष्ट्रभक्ति, एकता और स्वाभिमान की भावना को मजबूत करने के लिए ऐसे आयोजनों की आवश्यकता है। समारोह के दौरान चौहान राजपूत महासभा एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने भी महाराणा प्रताप के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में चौहान राजपूत महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बलवंत सिंह चौहान, चौहान क्षेत्रीय कल्याण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर जयपाल सिंह, महामंत्री रविंद्र चौहान, चेयरमैन साधुराम चौहान, महंत राममुनि, राज्यमंत्री डॉ. जयपाल सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम का वातावरण देशभक्ति और सामाजिक एकता के नारों से गूंजता रहा। ग्रामीणों ने महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापित होने पर खुशी जताते हुए इसे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया।
