गुड़ मंडी कार लूट प्रकरण में फरार ₹5 हजार का इनामी गिरफ्तार, मंगलौर पुलिस की बड़ी सफलता

ब्योरो दिलशाद खान।

 रुड़की/मंगलौर। हरिद्वार पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत मंगलौर कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुड़ मंडी मंगलौर क्षेत्र में हुए चर्चित कार लूट प्रकरण में पिछले एक माह से फरार चल रहे ₹5 हजार के इनामी बदमाश को पुलिस ने हरियाणा के रोहतक क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता और लगातार दबिश के चलते आखिरकार वह कानून के शिकंजे में आ गया। जानकारी के अनुसार, 14 मार्च 2026 को गुड़ मंडी मंगलौर क्षेत्र में तीन बदमाशों ने रोहित कुमार निवासी नगला ऐमाद की कार संख्या DL8CBL-0846 लूट ली थी। वारदात के दौरान आरोपी तेज रफ्तार में फरार हो रहे थे, तभी उनकी कार की टक्कर एक स्कूटी सवार व्यक्ति से हो गई थी। हादसे में स्कूटी सवार की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी और पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। मामले में मुख्य आरोपी नीरज पुत्र नरेश को पुलिस ने 15 मार्च 2026 को ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि अन्य आरोपी फरार चल रहे थे। फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी मंगलौर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि फरार आरोपी बेहद शातिर प्रवृत्ति का अपराधी है, जो लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी पर ₹5 हजार का इनाम भी घोषित किया गया था। इसके बाद मंगलौर पुलिस ने हरियाणा के रोहतक क्षेत्र में डेरा डालते हुए लगातार दबिश दी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लंबे प्रयासों के बाद 7 मई 2026 को पुलिस टीम ने ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी आदित्य उर्फ बिल्लू पुत्र राजवीर निवासी सांघी, थाना सदर, हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा उसके खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई को लेकर पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना की है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुखपाल मान, कांस्टेबल सुधीर कुमार और कांस्टेबल मोहम्मद आमिर शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!