बेहड़ेकी सैदाबाद में भू-माफियाओं पर HRDA की बड़ी कार्रवाई,प्राधिकरण की टीम ने अवैध निर्माण किया सील
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की/हरिद्वार। भगवानपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम बेहड़ेकी सैदाबाद में अवैध निर्माण और प्लॉटिंग का मामला अब गंभीर रूप ले चुका है। पीड़ित द्वारा प्रशासन, सीएम पोर्टल और हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (HRDA) में शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। पहले जहां अवैध कॉलोनी को ध्वस्त करने के आदेश जारी किए गए थे, वहीं अब मौके पर बने अवैध निर्माणों को सील करने की कार्रवाई भी अमल में लाई गई है। इस कदम के बाद क्षेत्र में सक्रिय भू-माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संबंधित भूमि का विवरण खाता संख्या-101, खसरा संख्या-386, रकबा 0.4442 हेक्टेयर है। आरोप है कि संजय पाल समेत कुछ प्रॉपर्टी डीलरों ने मिलीभगत कर इस कृषि भूमि पर बिना मानचित्र स्वीकृति के अवैध कॉलोनी विकसित कर दी और प्लॉटिंग शुरू कर दी। इतना ही नहीं, कॉलोनी में दो मकानों का निर्माण भी कर दिया गया, जो पूरी तरह से नियमों के विरुद्ध बताया जा रहा है।
शिकायत में यह भी सामने आया है कि भोले-भाले लोगों को सस्ते प्लॉट का झांसा देकर उनसे 25 से 30 प्रतिशत तक अग्रिम धनराशि वसूली जा रही थी। बाद में कथित भू-माफिया रकम लेकर गायब हो जाते हैं, जिससे आम नागरिकों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ता है। इस प्रकार की गतिविधियों ने क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग के नेटवर्क पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
गौरतलब है कि सिविल जज (जूनियर डिवीजन) रुड़की ने 27 फरवरी 2026 को ही उक्त भूमि के विक्रय और किसी तीसरे पक्ष के हित सृजित करने पर रोक लगा दी थी। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी करते हुए निर्माण कार्य जारी रखा गया, जिससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए HRDA ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कॉलोनी संचालक संजय पाल को मानचित्र स्वीकृति और संबंधित अभिलेख प्रस्तुत करने के लिए समय दिया था। हालांकि निर्धारित अवधि में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। इसके बाद संयुक्त सचिव भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी के निर्देश पर पहले ध्वस्तीकरण के आदेश जारी किए गए और अब अवैध निर्माणों को सील कर दिया गया है।
सहायक अभियंता टी.एस. पंवार ने बताया कि संजय पाल द्वारा बिना स्वीकृत मानचित्र के कॉलोनी विकसित करने पर नोटिस चस्पा किया गया था। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सील को तोड़ा गया या उससे छेड़छाड़ की गई, तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सोनिका मीणा ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्लॉट को खरीदने से पहले उसकी वैधता की जांच अवश्य करें, ताकि किसी भी प्रकार की ठगी से बचा जा सके। प्राधिकरण की टीम द्वारा की गई कार्रवाई सराहनीय है। अवैध प्लॉटिंग और निर्माण के खिलाफ सख्ती से आम लोगों का भरोसा मजबूत हुआ है। जेई पंकज, हिमांशु, सीनियर सुपरवाइजर संजय सहित पूरी टीम ने नियमों के पालन और भू-माफियाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कार्यवाही कर मिसाल पेश की है।
कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण की टीम में जेई पंकज, हिमांशु और सीनियर सुपरवाइजर संजय सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। इस सख्त कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग करने वालों में भय का माहौल है और प्रशासन ने आगे भी ऐसे मामलों में सख्ती जारी रखने के संकेत दिए हैं।
