रुड़की में रिफ्लेक्टर घपले को लेकर कांग्रेस का मौन धरना, भ्रष्टाचार पर उठे सवाल

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की। शहर में कथित रिफ्लेक्टर घोटाले को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी रुड़की महानगर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। महानगर जिलाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी एडवोकेट के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर प्रतिमा के पास मौन धारण कर गांधीगिरी के तरीके से धरना दिया और भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की।
धरने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की कि रिफ्लेक्टर घोटाले में शामिल विभाग का नाम सार्वजनिक किया जाए और दोषियों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज किया जाए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह मामला सीधे तौर पर जनता के पैसे से जुड़ा हुआ है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या संरक्षण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
धरना स्थल पर बोलते हुए जिलाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी एडवोकेट ने कहा कि रुड़की में हुए इस कथित घोटाले ने भ्रष्टाचार की गंभीर तस्वीर उजागर कर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में भ्रष्टाचार अपनी चरम सीमा पर पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि जो रिफ्लेक्टर बाजार में लगभग ढाई सौ रुपये का मिलता है, उसे 25 हजार रुपये में खरीद दिखाया जाना सीधे-सीधे जनता के पैसे की लूट है।
उन्होंने यह भी कहा कि बीएचएल तिराहे पर लगाए गए रिफ्लेक्टर इसका स्पष्ट उदाहरण हैं। उन्होंने मीडिया को मौके पर बुलाकर दिखाया कि जहां पहले केवल पांच रिफ्लेक्टर लगे थे, वहीं अब अचानक नए रिफ्लेक्टर लगा दिए गए हैं। इससे साफ जाहिर होता है कि मामले को छिपाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन पर आरोप लगाया कि पूरे मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे यह संदेह और गहरा हो गया है कि सिस्टम भी इस भ्रष्टाचार को बचाने में शामिल है।
राजेंद्र चौधरी ने जनता से अपील करते हुए कहा कि जो भी लोग भ्रष्टाचारियों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं, उनका विरोध होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को हर स्तर पर उठाएगी और दोषियों को सजा दिलाने के लिए पूरी ताकत लगाएगी।
उन्होंने आगे कहा कि यह पैसा आम जनता के टैक्स का है और इसकी बंदरबांट किसी भी कीमत पर नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द जांच पूरी कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
धरने के दौरान कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें डॉ. हरविंदर सिंह, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष ओवेश अंसारी, भूषण त्यागी, अजय चौधरी, गुड्डू पार्षद, नीरज अग्रवाल और नावेद मलिक सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।
कांग्रेस के इस प्रदर्शन के बाद अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और क्या वाकई दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होती है या नहीं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!