लण्ढौरा और रूड़की क्षेत्र में अवैध निर्माण पर प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई, दो निर्माण सील

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की, 22 अप्रैल 2026। हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (HRDA) ने अवैध निर्माण के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए लण्ढौरा और आसपास के क्षेत्रों में दो बड़े निर्माण कार्यों को सील कर दिया। बिना मानचित्र स्वीकृति के किए जा रहे इन निर्माणों पर की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और अवैध निर्माणकर्ताओं में डर का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार शिकारपुर रोड, लण्ढौरा (तहसील रुड़की, जिला हरिद्वार) में मोहब्बत नामक व्यक्ति द्वारा भूतल पर लगभग 15×150 फीट के क्षेत्र में दुकानों का निर्माण कार्य किया जा रहा था। यह निर्माण पूरी तरह से बिना प्राधिकरण की अनुमति के किया जा रहा था। इसी प्रकार कब्रिस्तान के पास स्थित पीरपुरा रोड और पठानपुरा रोड क्षेत्र में मुस्तकीम नामक ठेकेदार द्वारा लगभग 40×80 फीट क्षेत्र में टिन शेड डालकर एक हॉल का निर्माण किया जा रहा था। दोनों ही मामलों में निर्माण कार्य के लिए आवश्यक मानचित्र स्वीकृत नहीं कराया गया था, जो कि नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।
प्राधिकरण द्वारा पहले ही इन निर्माणकर्ताओं को नोटिस जारी कर निर्माण कार्य तत्काल रोकने के निर्देश दिए गए थे। बावजूद इसके, निर्माण कार्य लगातार जारी रखा गया, जिससे प्राधिकरण को सख्त कार्रवाई करने के लिए मजबूर होना पड़ा। इसके बाद संबंधित अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत वाद योजित करते हुए टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्राधिकरण की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और दोनों स्थानों पर चल रहे अवैध निर्माण को सील कर दिया। इस दौरान मौके पर मौजूद निर्माणकर्ताओं और श्रमिकों को सख्त चेतावनी देते हुए निर्देशित किया गया कि बिना मानचित्र स्वीकृत कराए किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य आगे न किया जाए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि आदेशों की अवहेलना की गई तो भविष्य में और कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि हरिद्वार-रुड़की क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों और अनियोजित निर्माण की बढ़ती प्रवृत्ति को देखते हुए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि किसी भी निर्माण कार्य को शुरू करने से पहले प्राधिकरण से विधिवत मानचित्र स्वीकृति अवश्य प्राप्त करें।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अन्य अवैध निर्माणकर्ताओं में भी हड़कंप मच गया है और कई लोगों ने अपने निर्माण कार्यों को रोक दिया है।एचआरडीए उपाध्यक्ष सोनिका का कहना है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र में नियोजित विकास सुनिश्चित किया जा सके और नियमों का पालन सख्ती से कराया जा सके।इस मौके पर जेई रिया सैनी, परखर, ललित,किशन यादव आदि मौजूद रहे।









