बेहड़ेकी सैदाबाद में अवैध कॉलोनी पर ध्वस्तीकरण के आदेश,भू-माफियाओं में हड़कंप

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)
रुड़की/हरिद्वार। भगवानपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम बेहड़ेकी सैदाबाद में अवैध निर्माण और प्लॉटिंग का मामला अब गंभीर मोड़ ले चुका है। पीड़ित द्वारा प्रशासन, सीएम पोर्टल और हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (HRDA) में शिकायत दर्ज कराने के बाद प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाते हुए अवैध कॉलोनी को ध्वस्त करने के आदेश जारी कर दिए हैं। इस कार्रवाई की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सक्रिय भू-माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

सूत्रों के मुताबिक भूमि का विवरण इस प्रकार है खाता संख्या-101, खसरा संख्या-386, रकबा 0.4442 हेक्टेयर भूमि है। आरोप है कि कुछ प्रॉपर्टी डीलरों ने मिलीभगत कर इस भूमि पर बिना स्वीकृत मानचित्र के कृषि भूमि पर अवैध कॉलोनी विकसित कर प्लॉटिंग शुरू कर दी। इतना ही नहीं, इस अवैध कॉलोनी में दो मकानों का निर्माण भी कर दिया गया है।
शिकायत के अनुसार, भोले-भाले लोगों को सस्ते प्लॉट का लालच देकर उनसे 25 से 30 प्रतिशत तक अग्रिम धनराशि वसूली जा रही है। बाद में कथित भू-माफिया रकम लेकर फरार हो जाते हैं, जिससे आम नागरिकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
गौरतलब है कि सिविल जज (जूनियर डिवीजन) रुड़की ने 27 फरवरी 2026 को ही उक्त भूमि के विक्रय और किसी तीसरे पक्ष के हित सृजित करने पर रोक लगा दी थी। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी करते हुए निर्माण कार्य जारी रहा, जिससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अब HRDA ने कार्रवाई तेज कर दी है। संयुक्त सचिव भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी के निर्देश पर ध्वस्तीकरण के आदेश जारी किए गए हैं। सहायक अभियंता टी.एस. पंवार ने बताया कि संजय पाल द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति के अवैध कॉलोनी विकसित करने पर नोटिस चस्पा कर दिया गया है और जल्द ही ध्वस्तीकरण की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
वहीं, प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सोनिका ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्लॉट को खरीदने से पहले उसकी वैधता की जांच अवश्य करें। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग करने वालों में भय का माहौल बना हुआ है।








