हरिद्वार में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन: संगठन मजबूत कर सरकार बनाने का किया आह्वान

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
हरिद्वार। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर मिशन मोड में काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सबसे पहले हम सभी पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता हैं और हमें यह शपथ लेनी चाहिए कि संगठन को मजबूत बनाते हुए अपने लक्ष्य को हासिल करेंगे।

उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की जनता कांग्रेस की ओर उम्मीद भरी निगाहों से देख रही है और समय आ गया है कि हम सब मिलकर उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनाएं।
जय राम आश्रम सभागार में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में कुमारी शैलजा ने कहा कि पार्टी के भीतर किसी भी प्रकार के मतभेद को भुलाकर एकजुटता के साथ काम करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत मतभेदों से ऊपर उठकर संगठन की मजबूती के लिए प्रयास करने होंगे, तभी हम जनता का विश्वास जीत पाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दस वर्षों में उत्तराखंड में कानून-व्यवस्था की स्थिति कमजोर हुई है और “जंगल राज” जैसा माहौल बन गया है।
उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में अपराधियों को संरक्षण मिल रहा है और आम जनता, खासकर महिलाएं, खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज ही सर्वोपरि होती है और उसी के आधार पर सत्ता परिवर्तन होता है। इसलिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को चाहिए कि वे जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझें और उनके समाधान के लिए संघर्ष करें।
कुमारी शैलजा ने कहा कि एक-एक कार्यकर्ता की मेहनत और समर्पण से ही प्रदेश में बदलाव संभव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होकर कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि इस बार का चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन का नहीं, बल्कि प्रदेश के भविष्य को नई दिशा देने का अवसर है।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कुमारी शैलजा का जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत, प्रीतम सिंह, ब्रह्मचारी ब्रह्मस्वरूप, विधायक ममता राकेश, रवि बहादुर, वीरेंद्र जाती, अनूपमा रावत, संजय पालीवाल, राजेंद्र सिंह चौधरी एडवोकेट, शगौरव चौधरी, पूर्व मेयर गौरव गोयल, सचिन गुप्ता, राव शेर मोहम्मद, राव आफाक अली सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन ब्रह्मचारी ब्रह्मस्वरूप द्वारा किया गया। सम्मेलन में कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और सभी ने एकजुट होकर पार्टी को मजबूत करने का संकल्प लिया।






