नाबालिग को ब्लैकमेल कर दहशत फैलाने वाले तीन आरोपी तमंचे सहित गिरफ्तार, हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की/पिरान कलियर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस अपराध और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना पिरान कलियर पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक गंभीर मामले में वांछित तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 7 मार्च 2026 को मुकेश उर्फ छेटा पुत्र इलम सिंह निवासी ग्राम इमलीखेड़ा, थाना पिरान कलियर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि मुराद अंसारी निवासी नसीरपुर कला थाना पथरी अपने साथियों के साथ उसकी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री को ब्लैकमेल कर रहा था। आरोप है कि 7 मार्च को मुराद अंसारी अपने दो साथियों के साथ वादी के घर इमलीखेड़ा पहुंचा और दहशत फैलाने के उद्देश्य से जान से मारने की नीयत से देशी तमंचे से फायर कर मौके से फरार हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना पिरान कलियर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुकदमा अपराध संख्या 48/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर थानाध्यक्ष पिरान कलियर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस टीम को 8 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अब्दाल शाह रोड की ओर देखे गए हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुराद अंसारी पुत्र मुर्सलीन निवासी ग्राम नसीरपुर कला थाना पथरी, दीपू सैनी पुत्र पपिन सैनी निवासी ग्राम भोवापुर चमरावल थाना पथरी तथा सुधांशु उर्फ ढोली पुत्र अजब सिंह निवासी ग्राम बादशाहपुर थाना पथरी के रूप में हुई है। तीनों आरोपियों की उम्र लगभग 19 से 20 वर्ष बताई जा रही है।
गिरफ्तारी के दौरान मुख्य आरोपी मुराद अंसारी के कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इसके अलावा आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया खोखा कारतूस भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना पिरान कलियर के थानाध्यक्ष उप निरीक्षक रविंद्र कुमार, वरिष्ठ उप निरीक्षक सुनील दत्त पंत, उप निरीक्षक शहजाद अली, हेड कांस्टेबल संजय रावत, हेड कांस्टेबल रविंद्र बालियान और कांस्टेबल आबिद की अहम भूमिका रही।
हरिद्वार पुलिस का कहना है कि महिला और बाल अपराधों के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। क्षेत्र में गुंडागर्दी और दहशत फैलाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।






