February 26, 2026

कनखल में धार्मिक टिप्पणी वाला वीडियो वायरल, पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

हरिद्वार जनपद के कनखल क्षेत्र में सोशल मीडिया पर एक आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है। मामला 25 फरवरी 2026 का है, जब थाना कनखल को सूचना प्राप्त हुई कि क्षेत्र के एक व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक ऐसा वीडियो अपलोड किया गया है, जिसमें एक विशेष समुदाय के संबंध में अनुचित और भड़काऊ टिप्पणी की गई है।
सूचना मिलते ही कनखल पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल संज्ञान लिया। धार्मिक भावनाओं से जुड़े मामलों को संवेदनशील मानते हुए पुलिस ने बिना देरी किए जांच प्रारंभ की। प्रारंभिक जांच में वीडियो की पुष्टि होने पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्ति की पहचान सुनिश्चित की और उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान चंचल भारद्वाज पुत्र श्याम बाबू भारद्वाज, निवासी आचार्यान मोहल्ला चौपड़, थाना कनखल, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध प्रासंगिक धाराओं में अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक, भड़काऊ अथवा धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री पोस्ट करना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए जाएंगे।
घटना के बाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा अतिरिक्त सतर्कता बरती गई। स्थानीय स्तर पर लोगों से अपील की गई कि वे किसी भी भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री को आगे साझा न करें और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।
इस कार्रवाई में पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही। टीम में अ0उ0नि0 नन्द किशोर, अ0उ0नि0 सूरजपाल एवं का0 पंकज चौहान शामिल रहे। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाते हुए उसे हिरासत में लिया।
हरिद्वार पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया एक प्रभावशाली माध्यम है, लेकिन इसका दुरुपयोग समाज में तनाव और वैमनस्य पैदा कर सकता है। इसलिए आमजन को जिम्मेदारी के साथ इसका उपयोग करना चाहिए। पुलिस ने दोहराया कि माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
फिलहाल मामले में विधिक प्रक्रिया जारी है और पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!