February 20, 2026

कुंभ मेला की तैयारियों को लेकर हरिद्वार रेलवे स्टेशन सहित प्रमुख स्थलों का निरीक्षण, व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के निर्देश

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

हरिद्वार, 20 फरवरी 2026। आगामी वर्ष आयोजित होने वाले कुंभ मेले के दृष्टिगत मेला प्रशासन ने तैयारियों को गति देते हुए जमीनी स्तर पर व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करनी शुरू कर दी हैं। देशभर से करोड़ों श्रद्धालुओं के हरिद्वार आगमन की संभावना को देखते हुए रेल मार्ग से आने वाली भीड़ के सुचारु प्रबंधन पर विशेष फोकस किया जा रहा है। इसी क्रम में मेलाधिकारी सोनिका ने मेला प्रशासन और रेलवे अधिकारियों के साथ हरिद्वार रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने स्टेशन परिसर में प्रवेश एवं निकास मार्गों, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और उद्घोषणा प्रणाली का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंभ अवधि में ट्रेनों की समयबद्धता सुनिश्चित की जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर दस हजार यात्रियों की क्षमता का होल्डिंग एरिया विकसित करने की योजना पर विशेष चर्चा हुई। मेलाधिकारी ने कहा कि स्टेशन श्रद्धालुओं के लिए मुख्य प्रवेश द्वार है, इसलिए यहां भीड़ नियंत्रण की ठोस और वैज्ञानिक कार्ययोजना तैयार की जाए। टिकट काउंटरों की संख्या बढ़ाने, अतिरिक्त हेल्पडेस्क स्थापित करने तथा डिजिटल सूचना प्रणाली को सुदृढ़ करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों और महिला यात्रियों के लिए विशेष सहायता काउंटर स्थापित करने पर बल दिया। सुरक्षा व्यवस्था के तहत जीआरपी और आरपीएफ के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों की सतत निगरानी तथा आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मेलाधिकारी सोनिका प ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप कुंभ मेले को दिव्य और भव्य स्वरूप देने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने बताया कि मेले से संबंधित अधिकांश स्थायी कार्यों को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है और उन्हें समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जा रहा है।
रेलवे स्टेशन के अलावा निरीक्षण दल ने लालजीवाला क्षेत्र, भीमगोड़ा बैराज तथा रोड़ी बेलवाला-खड्डा पार्किंग स्थल का भी दौरा किया। इन स्थानों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही, पार्किंग व्यवस्था, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं की तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कर ली जाएं तथा भीड़ प्रबंधन की रिहर्सल भी समय-समय पर की जाए।
इस अवसर पर अपर मेलाधिकारी  दयानंद सरस्वती, रेलवे स्टेशन अधीक्षक  दिनेश कुमार सहित मेला प्रशासन, रेलवे और जीआरपी के अधिकारी उपस्थित रहे। मेला प्रशासन का लक्ष्य है कि आगामी कुंभ मेले को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और ऐतिहासिक बनाया जाए, जिससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को उत्कृष्ट व्यवस्थाओं का अनुभव हो सके।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!