हरिद्वार में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, प्रेम संबंध के विवाद में दंपती गिरफ्तार
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)
हरिद्वार। कोतवाली नगर हरिद्वार पुलिस ने दूधियाबंद बस्ती के पास जंगल में मिले अज्ञात शव के मामले का खुलासा करते हुए एक दंपती को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे प्रेम संबंध और महिला पर परिवार छोड़कर साथ आने का दबाव बनाए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लोहे का चापड़ भी बरामद किया है, जबकि मामले में फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
दरअसल, 17 सितंबर 2026 की सुबह दूधियाबंद बस्ती के पास जंगल में एक अज्ञात पुरुष का शव बरामद हुआ था। मृतक के पास बिजनौर जाने वाली बस का टिकट मिला था, लेकिन पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं था। पुलिस ने आसपास के थानों और सीमावर्ती जनपदों की पुलिस टीमों के माध्यम से मृतक की पहचान कराने के प्रयास शुरू किए।
20 सितंबर को मृतक के परिजन हरिद्वार पहुंचे, जहां शव की पहचान गोपाल पुत्र उमा चरण, निवासी नई बस्ती, आबकारी चौकी के पास, बिजनौर, उत्तर प्रदेश, उम्र करीब 50 वर्ष के रूप में हुई। मृतक के बेटे आशु कुमार की तहरीर पर कोतवाली नगर हरिद्वार में मुकदमा संख्या 523/2026, धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस को मिले साक्ष्यों के आधार पर 21 सितंबर को मोतीचूर रेलवे स्टेशन से एक दंपती को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पुलिस के अनुसार सामने आया कि नरेंद्र की तबीयत खराब होने के दौरान मेरठ के एक अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। इसी दौरान गोपाल की नरेंद्र की पत्नी से जान-पहचान हुई और दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। बाद में दोनों के बीच संबंध बन गए।
पुलिस के मुताबिक, गोपाल महिला पर अपने परिवार और बच्चों को छोड़कर उसके साथ आने का दबाव बना रहा था। महिला ने बच्चों से लगाव के कारण ऐसा करने से इनकार किया। आरोप है कि गोपाल लगातार फोन कर महिला को धमकाता और अपने साथ आने के लिए दबाव बनाता था। महिला ने पूरी बात अपने पति नरेंद्र को बताई। इसके बाद नरेंद्र ने अपनी पत्नी, अपने भाई और गांव के एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर गोपाल को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर की रात महिला ने गोपाल को मिलने के लिए हरिद्वार बुलाया। महिला उसे गंगा घाट पर लेकर गई। वहां गोपाल के शराब पीने और खाना खाने के बाद सो जाने पर पहले से छिपे नरेंद्र और अन्य आरोपियों ने चापड़ और छुरी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपियों ने मृतक का मोबाइल फोन और पर्स निकालकर गंगा में फेंक दिया और वहां से फरार हो गए।
पुलिस ने मामले में नरेंद्र पुत्र ओम प्रकाश, उम्र 40 वर्ष और उसकी पत्नी, उम्र 36 वर्ष को गिरफ्तार किया है। घटना में प्रयुक्त एक लोहे का चापड़ बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में फरार चल रहे दो अन्य आरोपियों की तलाश में टीमें जुटी हुई हैं।
कार्रवाई में कोतवाली नगर पुलिस के साथ सीआईयू प्रभारी नरेंद्र बिष्ट और कांस्टेबल वसीम की टीम ने भी सहयोग किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अज्ञात शव की पहचान से लेकर हत्या की गुत्थी सुलझाने तक टीम ने लगातार साक्ष्य जुटाए और आरोपियों तक पहुंच बनाई।
