मंगलौर में करतार सिंह भड़ाना का जनसंपर्क अभियान तेज, वार्ड 2, 4 और 5 के विकास के लिए 7-7 लाख की घोषणा

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की/मंगलौर। मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में इन दिनों राजनीतिक गतिविधियां तेज होती नजर आ रही हैं। भाजपा नेता करतार सिंह भड़ाना लगातार क्षेत्र की जनता के बीच पहुंचकर जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। इसी क्रम में नारसन स्थित भाजपा कार्यालय में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मंगलौर नगरपालिका के वार्ड नंबर 2, 4 और 5 के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान भड़ाना ने सभी का गर्मजोशी से स्वागत किया और क्षेत्र के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
कार्यक्रम में पहुंचे लोगों का स्वागत पारंपरिक तरीके से पटका पहनाकर और फूल-मालाओं के साथ किया गया। इस दौरान उपस्थित नागरिकों ने भी अपने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को साझा किया। लोगों ने सड़क, नाली, पेयजल, सफाई व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को सामने रखा, जिस पर करतार सिंह भड़ाना ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।
सभा को संबोधित करते हुए भड़ाना ने कहा कि वे लगातार मंगलौर विधानसभा के गांवों और वार्डों की जनता से संपर्क कर रहे हैं ताकि विकास कार्यों को जमीन पर उतारा जा सके। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड की जरूरत अलग होती है, इसलिए विकास कार्यों की योजना भी स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाई जाएगी। इसी कड़ी में उन्होंने वार्ड नंबर 2, 4 और 5 के विकास कार्यों के लिए 7-7 लाख रुपये की घोषणा की। उनका कहना था कि यह राशि क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और जनता की सुविधाओं को बेहतर बनाने में उपयोग की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान भड़ाना ने अपने ऊपर लग रहे बाहरी होने के आरोपों का भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग राजनीतिक कारणों से उन्हें बाहरी बताने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि वे वर्ष 2006 से मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में रह रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका मकसद केवल चुनावी राजनीति नहीं, बल्कि जनता की सेवा करना है। उन्होंने कहा, “मैं मंगलौर में विधायक बनने के उद्देश्य से नहीं आया हूं, बल्कि यहां की जनता का भाई, बेटा और सेवक बनकर काम करना चाहता हूं। क्षेत्र का विकास और लोगों की समस्याओं का समाधान ही मेरी प्राथमिकता है।”
उन्होंने आगे कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और आने वाले समय में भी वे इसी तरह हर वार्ड और गांव तक पहुंचकर लोगों से संवाद करते रहेंगे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने विकास कार्यों की घोषणाओं पर खुशी जाहिर की और उम्मीद जताई कि घोषित योजनाएं जल्द जमीन पर दिखाई देंगी।
मंगलौर में लगातार हो रहे इस तरह के जनसंपर्क कार्यक्रमों से क्षेत्र की राजनीति में नई हलचल देखने को मिल रही है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि जनता के बीच बढ़ती सक्रियता आने वाले समय में विधानसभा क्षेत्र की राजनीति को नया रुख दे सकती है।






