खानपुर में गणतंत्र दिवस पर कुंवर प्रणव सिंह चौपियन का भव्य आयोजन, नेताओं ने दोहराया मजबूत भारत का संकल्प

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
खानपुर विधानसभा क्षेत्र में 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर खानपुर से भाजपा के वर्तमान विधायक कुंवर प्रणव सिंह चौपियन नए जोश और ऊर्जा के साथ सक्रिय नजर आए। गणतंत्र दिवस के मौके पर उन्होंने अपने कैंप कार्यालय में ध्वजारोहण किया, जिसके बाद राष्ट्रगान का आयोजन हुआ। इसके उपरांत केक काटकर कार्यक्रम को उत्साहपूर्ण माहौल में मनाया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, समर्थक और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। समर्थकों ने फूल-मालाओं और मिठाइयों के साथ विधायक कुंवर प्रणव सिंह चौपियन का जोरदार स्वागत किया। समर्थकों के भारी उत्साह और जनसमर्थन को देखकर चैंपियन भावुक नजर आए और उन्होंने सभी का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर कुंवर प्रणव सिंह चौपियन ने देश और प्रदेशवासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए युवाओं और किशोरों को इसके ऐतिहासिक संदर्भ समझाए। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त 1947 को भारत अंग्रेजों की गुलामी से मुक्त हुआ, जिसे स्वतंत्रता दिवस के रूप में मनाया जाता है, जबकि 26 जनवरी 1950 को देश में संविधान लागू हुआ, इसलिए इस दिन को गणतंत्र दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने युवाओं से संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने की अपील की।
चैंपियन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत को विश्व गुरु बनाने का संकल्प लिया है और अब इस लक्ष्य को प्राप्त करने से कोई शक्ति रोक नहीं सकती। उन्होंने कहा कि भारत निश्चित रूप से विश्व गुरु बनेगा और पूरी दुनिया में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा।
कुंवर प्रणव सिंह चौपियन ने आगामी राजनीति पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ा जायेगा। खानपुर की जनता ने मन बना लिया है कि इस बार उन्हें विजयी बनाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और योजनाओं से प्रभावित होकर जनता भाजपा के साथ जुड़ चुकी है। युवाओं में खासा जोश है और सभी वर्गों का समर्थन भाजपा को लगातार मिल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि खानपुर की जनता इस बार भाजपा को जिताने का काम करेगी।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता रामकुमार शर्मा ने भी देशवासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की सभी देश, प्रदेशवासियों व क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे लोकतंत्र, संविधान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। यह दिन हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और भारत विश्व पटल पर नई पहचान बना रहा है।रामकुमार शर्मा ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही देश की असली ताकत है। उन्होंने कहा कि भाजपा “सबका साथ, सबका विकास” के संकल्प के साथ जनता की सेवा कर रही है और आने वाले समय में देश और अधिक सशक्त, आत्मनिर्भर और समृद्ध बनेगा।

