भगवानपुर- कलावती गांव को मिलने जा रही आधुनिक शिक्षा की सौगात, ₹35 करोड़ से बनेगा आवासीय विद्यालय ,मुख्यमंत्री धामी करेंगे शिलान्यास,

(दिलशाद खान)(KNEWS18)
(न्यूज़ भगवानपुर)हरिद्वार जनपद के भगवानपुर क्षेत्र स्थित कलावती गांव में अनुसूचित जाति एवं जनजाति के छात्रों के लिए एक ऐतिहासिक पहल की जा रही है। गांव में लगभग ₹35 करोड़ की लागत से एक आधुनिक आवासीय विद्यालय का निर्माण किया जाएगा, जिसका शिलान्यास उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जुलाई के प्रथम सप्ताह में करेंगे।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्देश्य वंचित वर्ग के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक सुविधाओं से लैस शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है। विद्यालय में स्मार्ट क्लासरूम, पुस्तकालय, छात्रावास और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
👷 निरीक्षण और दिशा-निर्देश
दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने निर्माण स्थल का दौरा कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान समाज कल्याण विभाग के अधिकारी और निर्माण एजेंसी के प्रोजेक्ट मैनेजर भी उपस्थित रहे। मंत्री कर्णवाल ने अधिकारियों और इंजीनियरों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
🗣️ “मील का पत्थर साबित होगा यह विद्यालय” – देशराज कर्णवाल
राज्य मंत्री कर्णवाल ने कहा कि यह विद्यालय न केवल शिक्षा का केंद्र बनेगा, बल्कि वंचित समुदायों के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. भीमराव अंबेडकर के सपनों को साकार करने की दिशा में लगातार कार्य कर रहे हैं।
सामाजिक और राजनीतिक सहभागिता
निरीक्षण के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता जैसे कि भाजपा प्रदेश महामंत्री अनीस गौड, भाजपा जिलाध्यक्ष किसान मोर्चा सतवेंद्र प्रधान, नगर मंडल अध्यक्ष विराट गोयल, ऋषिपाल मंडल अध्यक्ष किसान मोर्चा , डॉ. सुरेश एवं अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।