November 26, 2026

फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने की दिशा में उत्तराखंड सरकार का बड़ा कदम, फिल्म और क्रिएटिव आर्ट्स से चमकेगा उत्तराखंड, युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर

(ब्योरो दिलशाद खान KNEWS 18)

टाइम्स ऑफ इंडिया समूह की ओर से देहरादून में आयोजित ‘उत्तराखंड फिल्म एवं क्रिएटिव आर्ट्स वर्कशॉप एवं कॉन्क्लेव’ में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने प्रतिभाग कर उत्तराखंड में फिल्म उद्योग, रचनात्मक कला और पर्यटन की संभावनाओं पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में पहुंचने पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा का बुके भेंट कर जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे लाने की दिशा में सरकार के प्रयासों पर प्रकाश डाला।

कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में उत्तराखंड तेजी से देश के प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा है। प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, मनमोहक पहाड़ी वादियां, नदियां, झरने, धार्मिक एवं पर्यटन स्थल और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत फिल्म निर्माताओं के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहे हैं। उत्तराखंड में फिल्म शूटिंग की अपार संभावनाएं हैं और सरकार इन संभावनाओं को धरातल पर उतारने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान केवल धार्मिक और पर्यटन स्थल के रूप में ही नहीं, बल्कि फिल्म निर्माण और क्रिएटिव आर्ट्स के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में भी विकसित हो रही है। राज्य सरकार की सहयोगात्मक फिल्म नीति फिल्म निर्माताओं को प्रदेश में शूटिंग के लिए प्रोत्साहित कर रही है। इससे उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने के साथ पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

स्थानीय युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के नए रास्ते

मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि फिल्म उद्योग केवल फिल्मों के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे जुड़े कई ऐसे क्षेत्र हैं जिनमें स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिल सकते हैं। फिल्म निर्माण, कैमरा संचालन, एडिटिंग, फोटोग्राफी, अभिनय, तकनीकी कार्य, आर्ट डिजाइनिंग और प्रोडक्शन जैसे क्षेत्रों में युवाओं के लिए बेहतर संभावनाएं मौजूद हैं।

उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन स्थानीय कलाकारों, युवाओं और उभरती प्रतिभाओं को विशेषज्ञों से सीखने तथा फिल्म एवं रचनात्मक कला के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने का अवसर प्रदान करते हैं। ऐसे कॉन्क्लेव प्रदेश की प्रतिभाओं को उचित मंच देने में मील का पत्थर साबित हो सकते हैं।

फिल्म नीति से पर्यटन और अर्थव्यवस्था को मिलेगा लाभ

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में फिल्म शूटिंग की गतिविधियां बढ़ने से होटल, परिवहन, स्थानीय व्यवसाय, खानपान और पर्यटन से जुड़े लोगों को भी लाभ मिलेगा। फिल्म निर्माता जब प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर शूटिंग करेंगे तो उन क्षेत्रों की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत देशभर के दर्शकों तक पहुंचेगी। इससे नए पर्यटन स्थलों को भी पहचान मिल सकती है।

उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड फिल्म निर्माण और क्रिएटिव आर्ट्स के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करेगा। सरकार का उद्देश्य प्रदेश की प्रतिभाओं को अवसर उपलब्ध कराना और उत्तराखंड को देश के अग्रणी फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करना है।

कार्यक्रम में फिल्म उद्योग से जुड़े विशेषज्ञों, रचनात्मक क्षेत्र के प्रतिनिधियों और प्रतिभागियों के बीच उत्तराखंड में फिल्म निर्माण की संभावनाओं को लेकर विचार-विमर्श किया गया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!