November 26, 2026

हरिद्वार पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 94 पुलिस अधिकारियों और उपनिरीक्षकों के तबादले; कई कोतवालियों के प्रभारी बदले

(ब्योरो दिलशाद खान KNEWS 18)

रुड़की/हरिद्वार। जनपद हरिद्वार के पुलिस महकमे में बड़े स्तर पर फेरबदल किया गया है। जारी स्थानांतरण आदेश के तहत कुल 94 निरीक्षक एवं उपनिरीक्षकों को नई तैनाती दी गई है। इस प्रशासनिक बदलाव में जिले की कई प्रमुख कोतवालियों, थानों, चौकियों और पुलिस की विभिन्न शाखाओं में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं। आदेश जारी होने के बाद पुलिस विभाग में हलचल तेज हो गई है।

जारी सूची के अनुसार कोतवाली ज्वालापुर, नगर, बहादराबाद, रुड़की, गंगनहर, मंगलौर, सिडकुल, कनखल, लक्सर, रानीपुर, भगवानपुर, खानपुर, झबरेड़ा, पथरी, कलियर और श्यामपुर सहित जिले के विभिन्न थानों और कोतवालियों में नई तैनाती की गई है। इसके साथ ही कई चौकी प्रभारियों को भी इधर से उधर किया गया है।

स्थानांतरण सूची में निरीक्षक चन्द्रभान सिंह को कोतवाली ज्वालापुर से कोतवाली नगर भेजा गया है, जबकि निरीक्षक अमरजीत सिंह को बहादराबाद से ज्वालापुर की जिम्मेदारी दी गई है। निरीक्षक केसी भट्ट को पुलिस लाइन से कनखल, नंद किशोर भट्ट को पुलिस लाइन से रुड़की, राजेंद्र खोलिया को पुलिस लाइन से कलियर और विनोद गुसाईं को पुलिस लाइन से पथरी भेजा गया है।

इसी क्रम में निरीक्षक मनोज मैंदोला को मंगलौर, भगवान मेहर को श्यामपुर, राकेश शाह को रानीपुर, अनिरुद्ध मैठाणी को सिडकुल, संजय मिश्रा को खानपुर, कुंदन राम आर्य को झबरेड़ा तथा प्रदीप रावत को बहादराबाद में प्रभारी निरीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे कई महत्वपूर्ण कोतवालियों में नेतृत्व परिवर्तन हुआ है।

वहीं उपनिरीक्षकों की तैनाती में भी व्यापक बदलाव किया गया है। रुड़की और आसपास के क्षेत्रों में भी कई पुलिसकर्मियों को नई जिम्मेदारियां मिली हैं। उपनिरीक्षक नितिन बिष्ट को कस्बा मंगलौर चौकी से कोर्ट चौकी सिडकुल, नीरज रावत को इकबालपुर चौकी से बाजार चौकी बहादराबाद, विकास रावत को बाजार चौकी बहादराबाद से सम्राट मार्केट नगर और शहजाद अली को कोतवाली लक्सर से इमलीखेड़ा चौकी कलियर भेजा गया है।

इसके अलावा रुड़की कोतवाली से चंद्रमोहन सिंह को कनखल, भजराम चौहान को लक्सर तथा अंशु चौधरी को ज्वालापुर भेजा गया है। कई अन्य अधिकारियों को गंगनहर, मंगलौर, भगवानपुर, सिडकुल और आसपास के थानों में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।

इस फेरबदल में केवल थाना और चौकी स्तर पर ही बदलाव नहीं हुआ, बल्कि पुलिस की विशेष इकाइयों को भी नई तैनाती मिली है। आदेश के अनुसार कुछ पुलिसकर्मियों को सीआईयू, एसओजी शाखा, चुनाव सेल और पुलिस कार्यालय में भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। उपनिरीक्षक रविन्द्र कुमार को प्रभारी सीआईयू रुड़की से नई तैनाती में सीआईयू रुड़की में रखा गया है, जबकि नितिन चौहान को पुलिस कार्यालय भेजा गया है।

आदेश में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि स्थानांतरित किए गए सभी पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से उनकी नई तैनाती पर रवाना किया जाए और अनुपालन की सूचना कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए।

अब इस बड़े फेरबदल के बाद जिले की कानून व्यवस्था, पुलिसिंग और थानों के कामकाज में नई तैनाती का क्या असर दिखाई देता है, इस पर लोगों और पुलिस विभाग की नजरें रहेंगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!