November 26, 2026

रुड़की में सुराज सेवा दल ने बढ़ाई राजनीतिक हलचल, संजीव वर्मा को सौंपी महानगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी

(ब्योरो दिलशाद खान KNEWS 18)

रुड़की। संविधान दिवस के अवसर पर सुराज सेवा दल की ओर से नगर निगम सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व बसपा नेता एवं अधिवक्ता संजीव वर्मा ने सुराज सेवा दल की सदस्यता ग्रहण की। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत करते हुए उन्हें रुड़की महानगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष को बधाई दी। कार्यक्रम में संगठन के विस्तार, भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष और आम जनता की समस्याओं को लेकर चर्चा की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी ने कहा कि किसी भी संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ताओं की एकजुटता, भावनाएं और आपसी विश्वास होता है। संगठन पैसे के बल पर नहीं, बल्कि समर्पित कार्यकर्ताओं के दम पर मजबूत बनते हैं। उन्होंने कहा कि सुराज सेवा दल का उद्देश्य चुनाव लड़ना या सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ना और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद करना है।

रमेश जोशी ने कहा कि इतिहास गवाह है कि मजबूत जन आंदोलनों के माध्यम से सत्ता और व्यवस्था में बदलाव आया है। उत्तराखंड में भी कई ऐसे आंदोलन हुए, जिनके दबाव में सरकारों को फैसले लेने पड़े। उन्होंने अंकिता हत्याकांड और सिल्क्यारा टनल प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि जब जनता एकजुट होकर अपनी आवाज उठाती है तो सरकारों को भी जनता की मांगों पर ध्यान देना पड़ता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के हितों के लिए पूरी ताकत से संघर्ष करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि सुराज सेवा दल भ्रष्टाचार में संलिप्त अधिकारियों के खिलाफ भी मोर्चा खोलेगा। संगठन जरूरत पड़ने पर जनहित के मुद्दों को लेकर बड़े आंदोलन करेगा। संजीव वर्मा को जिम्मेदारी सौंपते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि वह रुड़की में संगठन को नई मजबूती देंगे और जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएंगे।

इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में रमेश जोशी ने स्पष्ट किया कि संगठन की आगामी रणनीति चुनाव केंद्रित नहीं है। उनका मुख्य उद्देश्य आम जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान कराना है। उन्होंने भाजपा और कांग्रेस दोनों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि केवल चुनाव लड़ने से व्यवस्था में बदलाव नहीं आता, इसके लिए लगातार जनसंघर्ष करना जरूरी है। उन्होंने अपने ऊपर लगाए जा रहे जमीनों से संबंधित आरोपों को निराधार बताते हुए आरोप लगाने वालों से तथ्य सामने रखने की बात कही।

वहीं, नवनियुक्त रुड़की महानगर अध्यक्ष संजीव वर्मा ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि रुड़की की जनता को अपने जायज कामों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। जनता की समस्याओं को लेकर वह पहले भी आवाज उठाते रहे हैं और अब संगठन के सहयोग से इस लड़ाई को और मजबूती से लड़ेंगे।

संजीव वर्मा ने शहर की विकास व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि रुड़की में विकास के नाम पर जनता को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने ठेकेदारी व्यवस्था में कथित भ्रष्टाचार पर चिंता जताते हुए कहा कि शहर का वास्तविक विकास करना है तो सबसे पहले भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाना होगा। उन्होंने वर्ष 2027 के चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि जिन लोगों ने पांच वर्षों तक अपनी जिम्मेदारियों का सही ढंग से निर्वहन नहीं किया, उन्हें जनता के सामने जवाब देना होगा।

इस अवसर पर सुराज सेवा दल के प्रदेश सचिव इंतजार प्रधान ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य आम जनता की समस्याओं को उठाना और भ्रष्टाचार के खिलाफ मजबूती से संघर्ष करना है। संगठन हमेशा गरीब, मजदूर और मध्यमवर्गीय परिवारों के अधिकारों की लड़ाई लड़ता आया है। संजीव वर्मा के संगठन में शामिल होने से रुड़की में संगठन को नई मजबूती मिलेगी। सभी कार्यकर्ता उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन का लक्ष्य पद और सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि जनता को न्याय दिलाना और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था के लिए संघर्ष करना है।

कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने संगठन को रुड़की महानगर में मजबूत बनाने, अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने और जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!