November 25, 2026

आईआईटी रुड़की ने आईआईटी के रूप में पूरे किए 25 वर्ष, संस्थागत विरासत के 180वें वर्ष में किया प्रवेश

(ब्योरो दिलशाद खान KNEWS 18)

रुड़की, 25 नवंबर। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की ने बुधवार को अपना स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर संस्थान ने आईआईटी के रूप में अपने 25 वर्ष पूरे किए और वर्ष 1847 से चली आ रही अपनी गौरवशाली संस्थागत विरासत के 180वें वर्ष में प्रवेश किया। शिक्षा, इंजीनियरिंग, विज्ञान और तकनीकी अनुसंधान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले संस्थान के लिए यह अवसर ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

स्थापना दिवस समारोह में कर्नाटक की राज्यपाल एवं आईआईटी रुड़की की पूर्व छात्रा डॉ. सुधा यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। वहीं टाटा केमिकल्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ आर. मुकुंदन और आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष प्रो. प्रेम व्रत विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस दौरान आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. कमल किशोर पंत, उपनिदेशक प्रो. प्रवीण कुमार, अधिष्ठाता प्रो. योगेश शर्मा सहित प्रतिष्ठित पूर्व छात्र, शिक्षाविद, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

समारोह के तहत 24 नवंबर को उद्यमिता, डीप टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर विशेष संवाद सत्र आयोजित किए गए। Building Big, Deep Tech & AI और Fire Chat सत्रों में सफल उद्यमियों और उद्योग जगत की प्रमुख हस्तियों ने अपने अनुभव साझा किए। इन चर्चाओं में तकनीकी नवाचार, स्टार्टअप विकास और नए व्यावसायिक अवसरों पर विचार-विमर्श हुआ।

मुख्य अतिथि डॉ. सुधा यादव ने कहा कि अपनी मातृ संस्था में लौटना उनके लिए गर्व और प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने कहा कि आईआईटी रुड़की ने जल संसाधन, भूकंप इंजीनियरिंग, आपदा प्रबंधन, स्वच्छ ऊर्जा और उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने ज्ञान और अनुसंधान को समाज की जरूरतों से जोड़ने तथा राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

25 नवंबर को आयोजित कार्यक्रम में पांच किलोमीटर की Run for Legacy दौड़, 1999 बैच के सहयोग से विकसित अवसंरचना परियोजनाओं का उद्घाटन, तकनीकी प्रदर्शनी और पूर्व छात्र पुरस्कार समारोह आयोजित किया गया। पुरस्कार समारोह में शिक्षा, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, उद्योग, उद्यमिता और लोक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पूर्व छात्रों को सम्मानित किया गया।

प्रतिष्ठित पूर्व छात्र पुरस्कार 2026 से प्रो. फैसल इरशाद खान, प्रो. दिनेश मोहन, पदम सिंह, रुचि वर्मण्य, डॉ. राजकुमार उपाध्याय, राजेश कुमार पाठक, डॉ. कपिल गर्ग, संजय शर्मा, सर्वेश महेश, सुमित जैन, डॉ. ए.के. सभरवाल और प्रो. ई. बालागुरुसामी को सम्मानित किया गया। वहीं प्रतिष्ठित युवा पूर्व छात्र पुरस्कार रूपेश कुमार और नवनीत चहल को प्रदान किया गया। उत्कृष्ट सेवा पुरस्कार के लिए डॉ. ओम प्रकाश कुलश्रेष्ठ, नवनीत बुटान, अंबुज कुमार और डॉ. श्रेयस कुमार को सम्मानित किया गया।

संस्थान ने उद्यमिता और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए Alumni-led Venture Vault पहल भी शुरू की है। इसके माध्यम से उभरते उद्यमियों को पुरस्कार राशि और प्री-इन्क्यूबेशन सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। समारोह की श्रृंखला 26 नवंबर को पूर्व छात्रा विनिता गुप्ता के विशेष व्याख्यान के साथ आगे बढ़ेगी।

आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. कमल किशोर पंत ने कहा कि संस्थान की 180 वर्षों की विरासत और आईआईटी के रूप में 25 वर्ष पूरे होना पूरे संस्थान परिवार के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि संस्थान भविष्य में भी शैक्षणिक उत्कृष्टता, अंतर्विषयी अनुसंधान और तकनीकी नवाचार के माध्यम से राष्ट्रीय एवं वैश्विक चुनौतियों के समाधान की दिशा में कार्य करता रहेगा।

स्थापना दिवस समारोह ने संस्थान की गौरवशाली विरासत, पूर्व छात्रों की उपलब्धियों और भविष्य की तकनीकी संभावनाओं को एक मंच पर लाने का कार्य किया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!