हरिद्वार के कनखल में अधिकारी पर संविदा चालक ने चलाई गोली, बाल-बाल बचे; पुलिस ने आरोपी को दबोचा
(ब्योरो दिलशाद खान KNEWS 18)
हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र के विष्णु गार्डन में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक संविदा पर नियुक्त चालक ने अपने ही अधिकारी पर तमंचे से गोली चला दी। गोली अधिकारी को छूकर निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गए। घायल अधिकारी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही कनखल पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल 315 बोर का तमंचा और एक खोखा कारतूस भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 21 नवंबर 2026 को थाना कनखल पुलिस को सूचना मिली कि विष्णु गार्डन क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपने साथी को गोली मार दी है। घायल को उपचार के लिए बंगाली अस्पताल ले जाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि संविदा पर चालक के पद पर कार्यरत विनोद नेगी पुत्र भारत सिंह ने अपने अधिकारी चन्द्रप्रकाश नौटियाल निवासी विष्णु गार्डन, कनखल पर गोली चलाई थी।
घटना के बाद साक्ष्य मिटाने का किया प्रयास
पुलिस के मुताबिक, गोली चलाने के बाद आरोपी ने घटनास्थल से साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया। वह फर्श पर पोछा लगाकर सफाई करने लगा। इसके साथ ही कपड़े बदलकर मौके से फरार होने की तैयारी में था। हालांकि, पुलिस की तत्परता के चलते आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया और हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।
4-5 महीने से अधिकारी और चालक के बीच चल रहा था विवाद
पूछताछ में आरोपी विनोद नेगी ने पुलिस को बताया कि वह वर्ष 2006 से संबंधित कार्यालय में चालक के पद पर कार्यरत था। पिछले करीब चार से पांच महीनों से उसका अधिकारी चन्द्रप्रकाश नौटियाल के साथ विवाद चल रहा था। आरोपी के अनुसार, वह अधिकारी की ओर से की जाने वाली टोका-टाकी और कथित रूप से परेशान किए जाने से नाराज था। इसी रंजिश के चलते उसने गोली चलाने की घटना को अंजाम दिया।
तमंचा और खोखा कारतूस बरामद
वादी चन्द्रप्रकाश नौटियाल की तहरीर के आधार पर थाना कनखल में आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 449/26, धारा 109(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का एक तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। पुलिस की ओर से आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़ा
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र सिंह रावत, एसएसआई अनुज सिंह, उपनिरीक्षक नवल किशोर गुप्ता, अपर उपनिरीक्षक मुन्ना नेगी, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार और कांस्टेबल संजू सैनी शामिल रहे। पुलिस मामले की अग्रिम जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

