November 22, 2026

#रुड़की में 25 नवंबर से होगा भव्य श्रीराम चरित्र मंचन, 29 नवंबर को पूरे शहर में निकलेगी श्रीराम बारात शोभायात्रा

(ब्योरो दिलशाद खान KNEWS 18) 

*रुड़की।** शहर की प्रमुख सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था रुड़की गढ़वाल सभा (रजि.) की ओर से प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य श्रीराम चरित्र मंचन-2026 का आयोजन किया जा रहा है। आगामी 25 नवंबर से शुरू होकर 6 दिसंबर तक चलने वाले इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन की तैयारियों को लेकर गढ़वाल सभा कार्यालय परिसर में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा करते हुए नगरवासियों से परिवार सहित आयोजन में शामिल होने की अपील की।

गढ़वाल सभा परिसर, सुभाष नगर, पनियाला रोड, रुड़की में 25 नवंबर से 6 दिसंबर तक प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से भव्य श्रीरामलीला का मंचन किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ 25 नवंबर बुधवार को उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा के कर-कमलों द्वारा किया जाएगा।

सभा के अध्यक्ष चंद्रमोहन जोशी और सचिव राकेश चौहान ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि इस बार सभा कार्यालय परिसर में निर्माण कार्य चलने के कारण आयोजन में लगभग एक माह का विलंब हुआ है, लेकिन श्रद्धालुओं और भक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष की रामलीला का विशेष आकर्षण यह रहेगा कि सभी पात्रों का जीवंत मंचन स्थानीय कलाकारों द्वारा ही किया जाएगा। इससे रुड़की और आसपास की स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला और अभिनय का प्रदर्शन करने का बेहतर मंच मिलेगा।

**29 नवंबर को पूरे शहर में निकलेगी भव्य श्रीराम बारात**

आयोजन के अंतर्गत 29 नवंबर रविवार को दोपहर 3 बजे पूरे शहर में भव्य श्रीराम बारात शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति के प्रतीक सुप्रसिद्ध छोलिया लोकनृत्य दल की प्रस्तुति मुख्य सांस्कृतिक आकर्षण रहेगी। पारंपरिक वेशभूषा और लोकवाद्य यंत्रों के साथ छोलिया नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं और नगरवासियों का उत्साह बढ़ाएंगी।

इस भव्य शोभायात्रा में हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके साथ पिरान कलियर विधानसभा क्षेत्र के संयोजक मुनीश सैनी भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

**6 दिसंबर को होगा भव्य राज्याभिषेक एवं पुरस्कार वितरण समारोह**

श्रीराम चरित्र मंचन के समापन अवसर पर 6 दिसंबर रविवार को भव्य राज्याभिषेक एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं पूर्व विधायक मदन कौशिक, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी तथा रुड़की नगर निगम की महापौर अनीता देवी अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

**1958 से सामाजिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को सहेज रही है गढ़वाल सभा**

गौरतलब है कि रुड़की गढ़वाल सभा की स्थापना 11 जनवरी 1958 को हुई थी। संस्था लंबे समय से सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षित करने के लिए कार्य कर रही है। सभा के अध्यक्ष चंद्रमोहन जोशी ने कहा कि संस्था अपनी लोकसंस्कृति, परंपराओं और संस्कारों को सहेजने तथा आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। वर्षभर विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाता है।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन चरित्र समाज को सत्य, मर्यादा, त्याग, कर्तव्य और भाईचारे की प्रेरणा देता है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है।

प्रेस वार्ता के दौरान कार्यक्रम संयोजक कमला बमोला, सह संयोजक सुशील रावत, सांस्कृतिक मंत्री एवं निर्देशक विवेकानंद डोभाल, सह निर्देशक अर्पण जोशी सहित सभा के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

सभा पदाधिकारियों ने रुड़की एवं आसपास के क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमियों, सामाजिक संगठनों और नगरवासियों से परिवार सहित श्रीरामलीला में पहुंचकर भगवान श्रीराम की लीलाओं का आनंद लेने तथा आयोजन को सफल बनाने की अपील की।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!