November 18, 2026

रुड़की वार्ड 27 में पार्षद विभा सैनी की सराहनीय पहल,रक्तदान कर युवाओं ने पेश की मानवता की मिसाल,शिविर में उमड़ी लोगों की भारी भीड़

(ब्योरो दिलशाद खान KNEWS 18)

रुड़की (हरिद्वार)। रुड़की के वार्ड संख्या 27 में समाजसेवा और जनहित की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए पार्षद श्रीमती विभा सैनी के नेतृत्व में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। वहीं बड़ी संख्या में पहुंचे युवाओं ने रक्तदान कर मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।

शिविर का मुख्य आकर्षण रक्तदान कार्यक्रम रहा। इस दौरान युवाओं ने आगे आकर स्वेच्छा से रक्तदान किया। शिविर में मौजूद लोगों को रक्तदान के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। आयोजकों ने बताया कि रक्तदान एक ऐसा पुनीत कार्य है, जिसके माध्यम से किसी जरूरतमंद मरीज को समय पर रक्त उपलब्ध कराकर उसका जीवन बचाया जा सकता है।

इस अवसर पर पार्षद श्रीमती विभा सैनी ने कहा कि रक्तदान से बड़ी कोई सेवा नहीं है। हमारे द्वारा दान किया गया रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को ऐसे मानवीय कार्यों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। विशेष रूप से जनप्रतिनिधियों और युवाओं को रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए आगे आना चाहिए।

उन्होंने कहा कि शिविर में युवाओं की जिस प्रकार उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली है, वह बेहद प्रेरणादायक है। समाज में जरूरतमंद लोगों की सहायता करना हम सभी की जिम्मेदारी है। रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है, इसलिए रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना बेहद जरूरी है।

महिलाओं की आंखों की हुई निःशुल्क जांच

स्वास्थ्य शिविर में पहुंची महिलाओं ने अपनी आंखों की विशेष रूप से जांच कराई। चिकित्सकों ने आंखों की जांच के बाद उन्हें उचित परामर्श दिया। निःशुल्क जांच और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं मिलने से स्थानीय लोगों में खुशी देखने को मिली। शिविर के माध्यम से लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और अपनी सेहत के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया गया।

जनहित के कार्य आगे भी रहेंगे जारी

पार्षद विभा सैनी ने शिविर में सहयोग करने वाले सभी लोगों और रक्तदान करने वाले युवाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य वार्ड के लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ सामाजिक और जनकल्याणकारी गतिविधियों को बढ़ावा देना है। भविष्य में भी वार्ड में स्वास्थ्य, शिक्षा और समाजसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को लाभ मिल सके।

ये लोग रहे मौजूद

शिविर में अजय शर्मा, विनीत शर्मा, शुभम शर्मा, शगुन शर्मा, मयंक शर्मा, सुनील प्रधान, अनिल तोमर, पंकज, वीरा गुर्जर, मनोज शर्मा, अर्जुन शर्मा, दीपक मिश्रा और सचिन प्रधान सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए सामाजिक कार्यों में निरंतर सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!