November 18, 2026

रुड़की के स्केटरों का शानदार प्रदर्शन, राज्य चैंपियनशिप में जीते 11 पदक, 8 खिलाड़ियों का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन

(ब्योरो दिलशाद खान KNEWS 18)

रुड़की (हरिद्वार)। खेल के क्षेत्र में रुड़की के नन्हे स्केटरों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन करते हुए शहर का नाम रोशन किया है। देहरादून में आयोजित 26वीं उत्तराखंड राज्य रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप एवं चयन प्रतियोगिता में रुड़की के खिलाड़ियों ने कुल 11 पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर रुड़की के 8 खिलाड़ियों का चयन 64वीं आरएसएफआई राष्ट्रीय रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप 2026 के लिए हुआ है। सभी खिलाड़ी कोच प्रिंस पाल के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

देहरादून के परेड ग्राउंड स्थित रोलर हॉकी रिंक में 14 और 15 नवंबर को आयोजित इस प्रतियोगिता में उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। रुड़की के स्केटरों ने अलग-अलग आयु वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 स्वर्ण, 3 रजत और 6 कांस्य पदक हासिल किए।

11 पदक जीतकर खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा

प्रतियोगिता में 6 से 8 वर्ष आयु वर्ग में सूर्यांश त्यागी और अंडर-6 आयु वर्ग में अभिमन्यु सिंह ने स्वर्ण पदक जीतकर रुड़की को गौरवान्वित किया। ध्रुपद रखिल ने 6 से 8 वर्ष आयु वर्ग, अगस्त्य ने अंडर-6 तथा आर्यन पाल ने 15 से 18 वर्ष आयु वर्ग में रजत पदक हासिल किया।

वहीं खुशी चौधरी, ध्रुव ठाकुर, शान्वी भंडारी, अर्चित शर्मा, अरि सिंह और चैतन्य सुयाल ने कांस्य पदक जीतकर अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से अभिभावकों और खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।

राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए 8 खिलाड़ियों का चयन

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर रुड़की के आठ खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चुना गया है। इनमें 6 से 8 वर्ष कैडेट बालक वर्ग में ध्रुपद रखिल और ध्रुव ठाकुर, 8 से 10 वर्ष कैडेट बालिका वर्ग में शान्वी भंडारी तथा 10 से 12 वर्ष कैडेट बालिका वर्ग में आहना प्रताप शामिल हैं।

इसके अलावा 12 से 15 वर्ष सब-जूनियर वर्ग में आध्या अग्रवाल, अरि सिंह और भुवन लूथरा तथा 15 से 18 वर्ष जूनियर बालक वर्ग में आर्यन पाल का चयन हुआ है। वहीं अभिनंदन त्यागी, खुशी चौधरी और चैतन्य बंसल को रिजर्व खिलाड़ी के रूप में रखा गया है।

बेंगलुरु में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे खिलाड़ी

चयनित खिलाड़ी 5 से 15 दिसंबर 2026 तक बेंगलुरु में आयोजित होने वाली 64वीं आरएसएफआई राष्ट्रीय रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। राष्ट्रीय स्तर पर चयन होने से खिलाड़ियों के उत्साह में बढ़ोतरी हुई है। अब सभी खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारियों में जुटेंगे।

कोच प्रिंस पाल बोले- मेहनत और अनुशासन का परिणाम है सफलता

कोच प्रिंस पाल ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि बच्चों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन उनकी लंबे समय की मेहनत, नियमित अभ्यास और अनुशासन का परिणाम है। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों ने संतुलन, गति और तकनीक पर विशेष ध्यान दिया। कई बार अभ्यास के दौरान गिरने के बावजूद खिलाड़ियों ने हिम्मत नहीं हारी और लगातार बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास किया।

उन्होंने कहा कि अब हमारा लक्ष्य राष्ट्रीय चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन कर उत्तराखंड और रुड़की के लिए पदक जीतना है।

पदक से चूके खिलाड़ियों का भी बढ़ाया हौसला

कोच प्रिंस पाल ने उन खिलाड़ियों का भी उत्साह बढ़ाया, जो इस बार पदक जीतने या राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने से चूक गए। उन्होंने कहा कि किसी प्रतियोगिता में पदक नहीं मिलना असफलता नहीं, बल्कि अपनी कमियों को पहचानकर आगे बढ़ने का अवसर है। बच्चों को निराश होने के बजाय पूरे मन से अभ्यास जारी रखना चाहिए। निरंतर मेहनत करने वाले खिलाड़ियों को भविष्य में सफलता जरूर मिलेगी।

रुड़की के इन होनहार खिलाड़ियों की उपलब्धि पर अभिभावकों, खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों ने बधाई देते हुए राष्ट्रीय चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन और पदक जीतने की शुभकामनाएं दीं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!