November 18, 2026

जीवन में संस्कारित एवं नैतिक शिक्षा सफलता की कुंजी : राकेश गर्ग

(ब्योरो दिलशाद खान KNEWS 18)

रुड़की (हरिद्वार)। भारत विकास परिषद समर्पण शाखा रुड़की की ओर से बाल विद्या मंदिर, सीबीआरआई रुड़की में आयोजित तीन दिवसीय बाल संस्कार शिविर के दूसरे दिन बुधवार, 18 नवंबर को बच्चों को संस्कारित शिक्षा, नैतिक मूल्यों, मानसिक स्वास्थ्य, अच्छी आदतों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् गीत के साथ हुआ।

शिविर की संयोजिका श्रीमती मृणालिनी शर्मा ने सभागार में उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों और बच्चों का स्वागत किया। उन्होंने ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः’ के आध्यात्मिक एवं वैज्ञानिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी के सुखी और स्वस्थ जीवन की कामना का संदेश दिया।

कार्यक्रम में श्रीमती शालिनी प्रकाश ने बच्चों को प्राणायाम की विभिन्न क्रियाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित प्राणायाम के अभ्यास से मानसिक तनाव और गुस्से पर नियंत्रण रखने में सहायता मिलती है। डॉ. रमा भार्गव ने भारतीय त्योहारों की महत्ता और उन्हें मनाने के पीछे छिपे धार्मिक, सांस्कृतिक एवं वैज्ञानिक कारणों को विस्तार से समझाया।

रुड़की के प्रसिद्ध दंत चिकित्सक डॉ. प्रदीप रस्तोगी ने बच्चों को दांतों की सही देखभाल करने और ब्रश करने के उचित तरीके बताए। उन्होंने नियमित रूप से दांतों की सफाई रखने के महत्व पर भी जानकारी दी। वहीं श्रीमती वंदना मोहन ने बच्चों की रुचियों और अभिरुचियों के बारे में जानकारी लेते हुए बताया कि मानसिक विकास के लिए पजल गेम तथा शारीरिक विकास के लिए विभिन्न खेलों में भाग लेना जरूरी है।

आर्किटेक्ट आरडी सिंह ने बच्चों को अच्छी आदतों के माध्यम से चरित्र निर्माण करने की सीख दी। इसके बाद शिविर संयोजिका श्रीमती मृणालिनी शर्मा ने ‘स्वयं को जानो, स्वयं को पहचानो’ विषय पर बच्चों से संवाद किया। इस दौरान बच्चों के लिए लिखित प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें उन्हें अपनी अच्छाइयों और कमियों के बारे में लिखने के लिए कहा गया।

शिविर में बच्चों के बीच ‘नागरिक चेतना एवं सामाजिक जिम्मेदारी’ विषय पर ड्राइंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। दोनों प्रतियोगिताओं के विजेताओं को शिविर के अंतिम दिन पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम के समापन से पूर्व श्री निखिल पंत ने बच्चों से ‘भारत को जानो’ विषय पर रोचक प्रश्न पूछे। सही जवाब देने वाले बच्चों को चॉकलेट देकर प्रोत्साहित किया गया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। उपस्थित बच्चों, शिक्षकों एवं सदस्यों को मिष्ठान और जूस वितरित किया गया।

इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष राकेश कुमार गर्ग, शाखा संस्कार संयोजक डॉ. सुनील शर्मा, श्रीमती वीना सिंह, संस्था की प्रधानाचार्य श्रीमती ज्योति शर्मा, श्रीमती प्रीति बंसल, श्रीमती संगीता अग्रवाल, श्रीमती बीना शर्मा, श्रीमती गरिमा धीमान, श्रीमती कल्पना कोहली, श्री सुनील पुंडीर सहित संस्था के स्टाफ से श्री किरण पाल, श्रीमती शशि एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

शाखा अध्यक्ष राकेश कुमार गर्ग ने कहा कि जीवन में संस्कारित शिक्षा एवं नैतिक शिक्षा ही सफलता की कुंजी है। बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ अच्छे संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारियों का बोध कराना बेहद जरूरी है। ऐसे शिविर बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!