लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने से मिलती है सफलता : डॉ. मनीषा सिंघल
(ब्यौरा दिलशाद खान KNEWS 18)
रुड़की, 15 नवंबर। भारत विकास परिषद समर्पण शाखा रुड़की की ओर से विद्यार्थियों के ज्ञान, प्रतिभा और बौद्धिक क्षमता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता के द्वितीय चरण का आयोजन किया गया। जीवन मुक्त प्रेम मंदिर, सिविल लाइंस रुड़की में आयोजित इस प्रश्न मंच प्रतियोगिता में नौ विद्यालयों के चयनित छात्र-छात्राओं ने कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता का आयोजन भारत विकास परिषद समर्पण शाखा के वरिष्ठ सदस्य एवं भारत को जानो प्रतियोगिता के सह-संयोजक डॉ. संजय कुमार जैन, अतिथि सदस्य डॉ. अनुभव गोयल तथा उनकी टीम के सहयोग से किया गया। इससे पूर्व आयोजित प्रथम चरण की लिखित परीक्षा के आधार पर विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों का चयन किया गया था। प्रत्येक विद्यालय से कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग में दो-दो विद्यार्थियों को प्रश्न मंच प्रतियोगिता के लिए चुना गया।
प्रतियोगिता में नीमा देवी काला पब्लिक स्कूल रुड़की, सेंट जॉन सीनियर सेकेंडरी स्कूल रुड़की, नवरचना पब्लिक स्कूल रुड़की, ग्रीनवे मॉडर्न स्कूल रुड़की, दी ग्रीनवुड पब्लिक स्कूल चुड़ियाला, दी एसपी ग्लोबल स्कूल रुड़की, आर्मी पब्लिक स्कूल-1 रुड़की, आर्मी पब्लिक स्कूल-2 रुड़की एवं जय कृष्णा पब्लिक स्कूल रुड़की के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
प्रश्न मंच प्रतियोगिता को छह अलग-अलग राउंड में आयोजित किया गया। इसमें इतिहास एवं भूगोल, धर्म एवं संस्कृति, खेल एवं संगीत, भारत के प्रसिद्ध व्यक्तित्व, भारत के प्रसिद्ध स्मारक तथा समसामयिक घटनाओं से संबंधित प्रश्न पूछे गए। प्रतियोगिता को ऑडियो-विजुअल माध्यम से रोचक बनाया गया, जिससे विद्यार्थियों को अपनी जानकारी और त्वरित उत्तर देने की क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं पर्यवेक्षक भारत विकास परिषद उत्तराखंड पश्चिमी प्रांत की अध्यक्षा डॉ. मनीषा सिंघल रहीं। उन्होंने प्रतिभागी विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को जीवन में अपना लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करना आवश्यक है। लक्ष्य के प्रति समर्पण, मेहनत और सकारात्मक सोच ही सफलता का मार्ग प्रशस्त करती है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ देश के इतिहास, संस्कृति और महान व्यक्तित्वों के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए भी प्रेरित किया।
वरिष्ठ वर्ग में ग्रीनवे मॉडर्न स्कूल प्रथम
प्रतियोगिता के वरिष्ठ वर्ग में ग्रीनवे मॉडर्न स्कूल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि आर्मी पब्लिक स्कूल-1 द्वितीय तथा दी ग्रीनवुड पब्लिक स्कूल चुड़ियाला तृतीय स्थान पर रहा। आर्मी पब्लिक स्कूल-2 को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
कनिष्ठ वर्ग में दी ग्रीनवुड पब्लिक स्कूल ने मारी बाजी
कनिष्ठ वर्ग में दी ग्रीनवुड पब्लिक स्कूल चुड़ियाला ने प्रथम स्थान हासिल किया। आर्मी पब्लिक स्कूल-1 ने द्वितीय तथा नवरचना पब्लिक स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ग्रीनवे मॉडर्न स्कूल को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
दोनों वर्गों की विजेता टीमों को मोमेंटो एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यालयों के प्रतिभागी विद्यार्थियों को भी प्रमाणपत्र दिए गए। कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों से भी प्रश्न पूछे गए और सही उत्तर देने वाले अभिभावकों को चॉकलेट देकर प्रोत्साहित किया गया।
प्रतियोगिता में स्कोरर की जिम्मेदारी शाखा सदस्य विनीत कुमार ने निभाई, जबकि टाइमकीपर की भूमिका शाखा सचिव सोमेन कर्माकर ने निभाई।
इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष राकेश कुमार गर्ग, हर्ष प्रकाश काला, प्रोफेसर राजेश चंद्रा, साधुराम, निखिल पंत, डॉ. शालिनी जोशी पंत, वंदना मोहन सहित विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके पश्चात सभी उपस्थित लोगों को मिष्ठान वितरित किया गया।


