November 16, 2026

रुड़की में सजी शायरी और कविता की महफिल, ऑल इंडिया मुशायरे में देर रात तक गूंजती रही वाह-वाह और तालियों की गड़गड़ाहट

(ब्योरो दिलशाद खान KNEWS 18) 

रुड़की। अंजुमन इतरका-ए-अदब की ओर से नगर निगम प्रांगण में ‘यादें अब्दुल हकीम’ के उनवान से ऑल इंडिया मुशायरा एवं कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस साहित्यिक महफिल में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे नामचीन शायरों और कवियों ने अपनी बेहतरीन गजलों, गीतों, नज्मों और हास्य-व्यंग्य से श्रोताओं को देर रात तक बांधे रखा। कार्यक्रम में श्रोताओं ने हर शानदार कलाम पर वाह-वाह और तालियों के साथ शायरों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेविका पूजा गुप्ता ने रिबन काटकर किया। मुशायरे की सदारत कर्नाटक से पहुंचे अंजुमन के सरपरस्त डॉ. बाबा अब्दुल रज्जाक ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन देवास मध्य प्रदेश से आए शायर ने किया। इस अवसर पर प्रसिद्ध समाजसेवी एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता सचिन गुप्ता को संस्था की ओर से ‘बेस्ट ऑफ सिटीजन’ अवार्ड देकर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि पूजा गुप्ता ने कहा कि इतने शानदार साहित्यिक आयोजन में शामिल होने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव को मजबूत करते हैं। उन्होंने नगरवासियों को आश्वस्त किया कि यदि वह किसी के काम आ सकें तो इसे अपना सौभाग्य समझेंगी।

मुशायरे का आगाज एटा से आए शायर अज्म शाकिरी ने नात-ए-पाक से किया। इसके बाद खुर्शीद हैदर ने राष्ट्र को समर्पित गीत ‘जिंदाबाद-ए-वतन’ पेश कर पूरे पंडाल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। दिल्ली से आए उस्ताद शायर इकबाल अशर ने अपनी गजलों से महफिल में चार चांद लगा दिए। उन्होंने पढ़ा—

“नहीं है तेरी चमक में कोई कमी सूरज,
मैं खुद वही हूं जहां रोशनी नहीं जाती।”

अज्म शाकिरी ने अपने तरन्नुम में शेर पढ़ा—

“तू अगर छोड़ के जाने पे तुला है तो जा,
जान भी जिस्म से जाती है तो कब पूछती है।”

तरन्नुम के बादशाह खुर्शीद हैदर ने भी अपने अंदाज से खूब दाद बटोरी। उन्होंने कहा—

“गैर परों पर उड़ सकते हैं हद से हद दीवारों तक,
अंबर पर तो वही उड़ेंगे जिनके अपने पर होंगे।”

वहीं हास्य के प्रसिद्ध शायर और संस्था के जनरल सेक्रेटरी सिकंदर हयात गड़बड़ ने अपने मजाकिया अंदाज से श्रोताओं को खूब हंसाया। उन्होंने इश्क पर व्यंग्य करते हुए पढ़ा—

“इश्क का रोग है जो नींद उड़ा देता है,
नौजवानों से करोगे तो सजा देता है।
इश्क करना है तो हम जैसे बुजुर्गों से करो,
पिलपिला आम ही खाने में मजा देता है।”

नैनीताल से आए मोहन मुन्तजिर ने अपनी नज्मों और गजलों से श्रोताओं की खूब तालियां बटोरीं। देहरादून की शायरा मोनिका मंतशा ने अपनी मधुर आवाज और बेहतरीन तरन्नुम से महफिल को खास बना दिया। उन्होंने पढ़ा—

“रिफाकतों के उजाले सदा रहे कायम,
जहां चराग बुझे हमने दिल जलाया है।”

बिलाल साहरनपुरी ने अपने जोशीले अंदाज में सामाजिक सच्चाइयों को शायरी के माध्यम से पेश किया। उनकी पंक्तियों पर श्रोताओं ने खड़े होकर दाद दी—

“रिक्शा चलाने वालों ने बच्चे पढ़ा लिए,
जो थे अमीरजादे नजाकत में मर गए।”

इसके अलावा वसीम राजुपुरी, महमूद असर, इमरान फैज, राधिका मित्तल, मनोज शाशवत और जावेद मुशीरी सहित अन्य शायरों एवं कवियों ने भी अपनी शानदार प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बनाया।

कार्यक्रम में पूर्व मेयर गौरव गोयल, उदय सिंह पुंडीर, प्रणय प्रताप सिंह, आदिल फरीदी, जुबैर शमशी, मोहम्मद फारूक, सुहेल सैफी, चांद खान, मोहम्मद शावेज, तजमुल हुसैन, समून अहमद, शाहनवाज त्यागी, मुखिया त्यागी, मोहम्मद इरफान, अब्दुल नदीम, अब्दुल अजीम, शाहिद अख्तर, मोहम्मद अखलाक, बबलू भाई और मोहम्मद परवेज सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

मुशायरा सुबह तक शायरी, गीतों, हास्य-व्यंग्य और तालियों की गड़गड़ाहट के बीच सफलतापूर्वक चलता रहा। अंत में संस्था के अध्यक्ष सैयद सनाउल हक ने सभी अतिथियों, शायरों, कवियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!