रिश्तों की मिठास, अनुभवों की सीख और बुजुर्गों के सम्मान के नाम रहा बाल दिवस समारोह, एस.एन.डी.के. पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मना ग्रैंडपेरेंट्स डे
(ब्योरो दिलशाद खान KNEWS 18)
रुड़की। एस.एन.डी.के. पब्लिक स्कूल एवं ब्राइट किड्स प्ले स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में 14 नवंबर को बाल दिवस के अवसर पर ग्रैंडपेरेंट्स डे बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। समारोह में बच्चों, अभिभावकों और दादा-दादी एवं नाना-नानी की मौजूदगी ने तीन पीढ़ियों के अनूठे संगम को जीवंत कर दिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को परिवार में बुजुर्गों के महत्व से परिचित कराना तथा उनके प्रति प्रेम, आदर और सम्मान की भावना विकसित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के संस्थापक एवं प्रबंधक हर्ष प्रकाश काला, प्रधानाचार्या कुसुम काला और उपप्रधानाचार्य डॉ. विनीत काला ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम का आयोजन कोऑर्डिनेटर गार्गी काला, आशा बिष्ट, चंदा एवं इंदु मैदोला के मार्गदर्शन में किया गया।
समारोह में दादा-दादी और नाना-नानी के लिए विभिन्न मनोरंजक खेलों एवं गतिविधियों का आयोजन किया गया। इनमें न्यूज पेपर फोल्डिंग, ग्रूमिंग योर वाइफ, ग्लास पिरामिड, बैलून बैलेंसिंग, रैंप वॉक और डांस जैसी प्रतियोगिताएं प्रमुख आकर्षण रहीं। बुजुर्गों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया और अपनी प्रतिभा, ऊर्जा एवं उमंग से सभी का दिल जीत लिया।
प्रतियोगिताओं के परिणामों में न्यूज पेपर फोल्डिंग में आनंद सिंह कुंवर एवं राजेश्वरी देवी विजेता रहे। ग्रूमिंग योर वाइफ प्रतियोगिता में महिपाल सिंह रावत एवं अनीता रावत ने बाजी मारी। ग्लास पिरामिड गेम में जसबीर सिंह एवं यशपाल सिंह विजेता बने, जबकि बैलून बैलेंसिंग में यशपाल सिंह एवं चंद कौर ने जीत हासिल की।
रैंप वॉक प्रतियोगिता में महेश गुप्ता, दिगंबर सिंह, शालिनी गुप्ता एवं दिलमा देवी ने अपनी शानदार प्रस्तुति से विजेता का स्थान प्राप्त किया। डांस कपल प्रतियोगिता में वीरेंद्र सिंह एवं श्यामा देवी विजेता रहे। वहीं डांस सिंगल प्रतियोगिता में नंदा ऐरी, मुन्नी देवी, रजनी एवं गंगा देवी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण ऑलराउंडर ग्रैंडपेरेंट्स का खिताब रहा, जो आर.एल. काला एवं उषा काला को प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्ले ग्रुप से लेकर यूकेजी तक के विद्यार्थियों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से समारोह में चार चांद लगा दिए। एलकेजी के बच्चों ने बॉलीवुड थीम पर आधारित गीत ‘मुझमें रब दिखता है’ पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत किया। इसमें त्रिनाभ, आकृति और प्रांशुल सहित अन्य विद्यार्थियों ने भाग लिया।
वहीं यूकेजी के बच्चों ने 90 के दशक की थीम पर ‘आई एम ए डिस्को डांसर’ गीत पर शानदार नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। इस प्रस्तुति में हर्षिता, पल्लवी और समायर सहित अन्य बच्चे शामिल रहे।
समारोह के दौरान बुजुर्गों के चेहरों पर दिखाई दी खुशी और बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि दादा-दादी एवं नाना-नानी परिवार की अमूल्य धरोहर हैं। उनका स्नेह, मार्गदर्शन और जीवन का अनुभव बच्चों को बेहतर संस्कार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
अंत में विद्यालय प्रबंधन एवं समस्त स्टाफ ने कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों, अभिभावकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। साथ ही सभी बुजुर्गों के स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

