रुड़की के ईदगाह में कैलाश नर्सिंग होम पर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई, ओटी सील कर लगाया दोगुना जुर्माना
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)
रुड़की, हरिद्वार। रुड़की के ईदगाह के पास स्थित कैलाश नर्सिंग होम पर स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन थिएटर (ओटी) को सील कर दिया। इसके साथ ही अस्पताल प्रबंधन पर दोगुना जुर्माना भी लगाया गया है। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग को कैलाश नर्सिंग होम में सील की गई ओटी दोबारा संचालित किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान ऑपरेशन थिएटर संचालित पाया गया, जिसके बाद अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया।
दो महीने पहले भी हुई थी कार्रवाई
एसीएमओ रमेश कुंवर ने बताया कि करीब दो महीने पहले भी कैलाश नर्सिंग होम के ऑपरेशन थिएटर में अनियमितताएं मिलने पर कार्रवाई की गई थी और ओटी सील कर दी गई थी। उस समय अस्पताल संचालक ने ओटी से सामान बाहर निकालने के लिए कुछ समय मांगा था। इसके बाद दोबारा ओटी संचालित कर ऑपरेशन किए जाने की शिकायतें मिलने लगीं।
दोबारा संचालन पर विभाग सख्त
एसीएमओ रमेश कुंवर के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। इस दौरान ओटी संचालित पाई गई, जिसके बाद उसे फिर से सील कर दिया गया। साथ ही अस्पताल प्रबंधन पर दोगुना जुर्माना लगाया गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल प्रबंधन को सख्त चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में दोबारा ओटी संचालित होती पाई गई तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में स्वास्थ्य विभाग की टीम के सदस्य राव अकरम, सुहैल और तोमर शामिल रहे। विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र के निजी अस्पतालों में भी नियमों के पालन को लेकर सख्ती का संदेश गया है।


