गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय में छात्रहित की 19 सूत्रीय मांगों को लेकर कुलाधिपति को सौंपा मांग पत्र
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)
हरिद्वार, 19 सितंबर 2026। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय, हरिद्वार में छात्रों की शैक्षणिक, प्रशासनिक और मूलभूत समस्याओं के समाधान को लेकर छात्र प्रतिनिधिमंडल ने कुलाधिपति के समक्ष 19 सूत्रीय मांग पत्र प्रस्तुत किया। प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय की ऐतिहासिक परंपरा, शैक्षणिक गुणवत्ता और गरिमा को बनाए रखते हुए छात्रहित में आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
छात्र नेता आशु मलिक एवं सोकेन्द्र बालियान ने कहा कि विश्वविद्यालय के प्रत्येक छात्र-छात्रा को बेहतर शिक्षा, सुरक्षित वातावरण और आवश्यक मूलभूत सुविधाएं मिलना उनका अधिकार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगें किसी व्यक्ति विशेष के विरोध में नहीं हैं, बल्कि विश्वविद्यालय में पारदर्शिता, बेहतर प्रशासन और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रखी गई हैं।
स्थायी छात्र-प्रशासन समिति और हेल्पलाइन की मांग
छात्र प्रतिनिधिमंडल ने स्थायी Student-Administration Committee के गठन, Debate Room अथवा विचार-विमर्श कक्ष की स्थापना और छात्र हेल्पलाइन नंबर शुरू करने की मांग की। इसके अलावा विश्वविद्यालय कैंटीन को पुनः संचालित करने, विभागों के बार-बार स्थानांतरण पर रोक लगाने तथा बड़े प्रशासनिक निर्णयों में पारदर्शिता बरतने की मांग भी प्रमुख रूप से रखी गई।
प्रतिनिधिमंडल ने कार्यवाहक अथवा अंतरिम कुलपति की शक्तियों और अधिकार क्षेत्र को स्पष्ट करने की मांग करते हुए कहा कि विभागों के विलय, पाठ्यक्रमों में बदलाव और शिक्षकों के स्थानांतरण जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लेने से पहले संबंधित विभागों और छात्रों से संवाद किया जाना चाहिए। योग विज्ञान विभाग के स्थानांतरण की समीक्षा की मांग भी उठाई गई।
कन्या गुरुकुल परिसर की छात्राओं की समस्याएं भी उठाईं
छात्र प्रतिनिधिमंडल ने कन्या गुरुकुल परिसर, देहरादून की छात्राओं से जुड़ी समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। छात्राओं की कक्षाओं और शैक्षणिक गतिविधियों को व्यवस्थित करने के साथ-साथ सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, पुस्तकालय, प्रयोगशाला और कैंटीन जैसी सुविधाओं में सुधार की मांग की गई।
साथ ही Male Campus में छात्राओं की कक्षाएं शुरू करने से पहले छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और संबंधित हितधारकों के साथ व्यापक विचार-विमर्श किए जाने की मांग रखी गई।
हॉस्टल, पुस्तकालय और खेल सुविधाओं में सुधार की मांग
मांग पत्र में Main Campus और Kanya Gurukul Campus की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने, छात्रावासों की व्यवस्था में सुधार, नए छात्रावास का निर्माण, छात्र प्रतिनिधित्व की व्यवस्था, पुस्तकालय में नई पुस्तकों की उपलब्धता, खेल सुविधाओं के विकास और विश्वविद्यालय जिम को दोबारा संचालित करने की मांग शामिल है।
घटती छात्र संख्या पर भी जताई चिंता
छात्र प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय में लगातार घट रही छात्र संख्या को गंभीर विषय बताते हुए नए पाठ्यक्रम, रोजगारोन्मुख शिक्षा, बेहतर शैक्षणिक वातावरण और प्रभावी प्रचार-प्रसार के माध्यम से छात्र संख्या बढ़ाने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना बनाने की मांग की। इसके अलावा छात्रों की शैक्षणिक, प्रशासनिक, हॉस्टल, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों के लिए प्रभावी Grievance Redressal Mechanism स्थापित करने की मांग भी रखी गई।
छात्र प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का विरोध करना नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय में पारदर्शी, सुव्यवस्थित, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक व्यवस्था सुनिश्चित कराना है। प्रतिनिधिमंडल ने कुलाधिपति से सभी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए छात्र प्रतिनिधियों के साथ प्रत्यक्ष बैठक करने और प्रत्येक बिंदु के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का अनुरोध किया।
मांग पत्र सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में आशु मलिक, सोकेन्द्र बालियान, विकास कुमार एवं तुषार पाल शामिल रहे।
